सौरभ दास के बाद अभिजीत दीपके और आशुतोष रांका पर भी कसा शिकंजा, देश छोड़ने पर लगी रोक
मुंबई के शिवाजी पार्क में बिना अनुमति विरोध प्रदर्शन मामले में महाराष्ट्र पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दिल्ली हाई कोर्ट में हुआ लुकआउट सर्कुलर का खुलासा
भदैनी मिरर डेस्क: कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के शीर्ष नेताओं की कानूनी मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। पार्टी के सह-संयोजक सौरभ दास के बाद अब दो अन्य प्रमुख नेताओं— अभिजीत दीपके और आशुतोष रांका के खिलाफ भी लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी कर दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद अब पार्टी के इन तीनों बड़े नेताओं के देश छोड़ने पर अस्थायी रूप से पाबंदी लग गई है।

दिल्ली हाई कोर्ट में सुनवाई के दौरान सामने आई बात
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह कार्रवाई मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मुंबई के शिवाजी पार्क में 2 अक्टूबर को बिना अनुमति किए गए विरोध प्रदर्शन से जुड़ी एफआईआर के सिलसिले में की गई है। दीपके और रांका के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी होने की खबर ऐसे समय में सामने आई है, जब गुरुवार को ही दिल्ली हाई कोर्ट में केंद्र सरकार की ओर से यह जानकारी दी गई कि सौरभ दास के विरुद्ध भी लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया है।
गौरतलब है कि लुकआउट सर्कुलर एक ऐसा आधिकारिक अलर्ट होता है, जिसे देश के सभी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों, बंदरगाहों और सीमावर्ती आव्रजन (इमिग्रेशन) चेकपॉइंट्स पर भेजा जाता है, ताकि संबंधित व्यक्ति देश से बाहर न जा सके।
क्या था 2 अक्टूबर के प्रदर्शन का पूरा मामला?
बीते 2 अक्टूबर को मुंबई पुलिस द्वारा अनुमति न दिए जाने के बावजूद सीजेपी नेताओं ने शिवाजी पार्क में सीईसी ज्ञानेश कुमार के विरोध में भीड़ जुटाई थी। प्रदर्शन के तुरंत बाद पार्टी नेताओं ने मुंबई पुलिस की सराहना करते हुए दिल्ली पुलिस पर तंज कसा था। हालांकि, बाद में मुंबई पुलिस ने कानून-व्यवस्था के उल्लंघन के आरोप में आयोजकों तथा 400 से 500 अज्ञात प्रदर्शनकारियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 189 और 223 के तहत मामला दर्ज किया था। इसी जांच के क्रम में अब लुकआउट नोटिस जारी किए गए हैं।
लंदन जाने से रोके गए थे सौरभ दास, पासपोर्ट विवाद भी गहराया
इससे पहले, सोमवार देर रात सीजेपी नेता सौरभ दास को लंदन जाने वाली उड़ान में सवार होने से रोक दिया गया था। बुधवार को विदेश मंत्रालय ने कहा कि दास के पासपोर्ट में कुछ विसंगतियों से जुड़ी शिकायतें मिली हैं। गुरुवार को दिल्ली हाई कोर्ट में दास की याचिका पर सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार के वकील ने स्पष्ट किया कि महाराष्ट्र पुलिस के अनुरोध पर 22-23 नवंबर की दरमियानी रात को उनके खिलाफ एलओसी जारी किया गया था।
सरकारी वकील ने अदालत में यह भी दलील दी कि सौरभ दास को अपने पासपोर्ट से जुड़ी कथित विसंगतियों पर जवाब और साक्ष्य प्रस्तुत करने होंगे, क्योंकि इन विसंगतियों का सीधा असर उनकी नागरिकता की स्थिति पर भी पड़ सकता है।
