रिकॉर्ड मुनाफे के बाद SBI में खरीदारी की होड़, शेयर 6% उछला, जानिए एक्सपर्ट्स का टारगेट प्राइस
दिसंबर तिमाही में ₹21,028 करोड़ का रिकॉर्ड नेट प्रॉफिट, 52-वीक हाई पर पहुंचा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का शेयर
नई दिल्ली। सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के शेयरों में सोमवार को जबरदस्त तेजी देखने को मिली। दिसंबर तिमाही के शानदार नतीजों के बाद निवेशकों में खरीदारी की होड़ मच गई, जिससे SBI का शेयर शुरुआती कारोबार में 6 फीसदी से ज्यादा उछल गया।
बीएसई पर SBI का शेयर 1120 रुपये के स्तर पर खुला और कुछ ही देर में 6.60 प्रतिशत की तेजी के साथ 1136.85 रुपये तक पहुंच गया। यह बैंक का 52-वीक हाई है। वहीं SBI का 52-वीक लो 679.65 रुपये रहा है। बैंक का मौजूदा मार्केट कैप करीब 10.40 लाख करोड़ रुपये है।


रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा मुनाफा
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक दिसंबर तिमाही में बैंक का नेट प्रॉफिट ₹21,028 करोड़ रहा, जो अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है।
बैंक की नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) सालाना आधार पर 9.04 फीसदी बढ़कर ₹45,190 करोड़ हो गई, जो पिछले साल की समान तिमाही में ₹41,446 करोड़ थी। लोन बुक में 15.14 फीसदी की बढ़ोतरी से बैंक की आय को मजबूत समर्थन मिला।

एनपीए में सुधार, एसेट क्वालिटी मजबूत
SBI की एसेट क्वालिटी में भी सुधार देखने को मिला है। 31 दिसंबर 2025 तक बैंक का ग्रॉस एनपीए (GNPA) घटकर 1.57 प्रतिशत रह गया, जबकि सितंबर तिमाही में यह 1.73 प्रतिशत था।
इस दौरान बैंक का कुल प्रावधान ₹4,507 करोड़ रहा, जो मजबूत बैलेंस शीट का संकेत देता है।

ब्रोकरेज हाउस बुलिश, जानिए टारगेट प्राइस
शानदार नतीजों के बाद कई ब्रोकरेज हाउस SBI को लेकर सकारात्मक नजर आ रहे हैं।
- नोमुरा ने SBI को BUY रेटिंग देते हुए 1235 रुपये का टारगेट दिया है।
- CLSA ने 1275 रुपये का लक्ष्य रखा है।
- सिटी ने 1265 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है।
- जेफरीज ने SBI के लिए सबसे ऊंचा 1300 रुपये का टारगेट तय किया है।
- नोउमा ने 1250 रुपये और UBS ने 1120 रुपये का लक्ष्य रखा है।
निवेशकों के लिए क्या संकेत?
मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक, मजबूत तिमाही नतीजे, बेहतर एसेट क्वालिटी और लोन ग्रोथ SBI के शेयर को आगे भी सपोर्ट दे सकते हैं। हालांकि, निवेश से पहले बाजार की स्थिति और व्यक्तिगत वित्तीय सलाह जरूर लें।
डिस्क्लेमर: यह खबर निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर करें।
