मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर AAP का शास्त्री घाट पर विरोध प्रदर्शन
आम आदमी पार्टी ने 'वोट चोरी' और मतदाता सूची में धांधली का लगाया आरोप; कचहरी स्थित शास्त्री घाट पर नारेबाजी
वाराणसी (भदैनी मिरर): आम आदमी पार्टी (AAP) वाराणसी इकाई द्वारा शनिवार को मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग द्वारा चलाए जा रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के खिलाफ कचहरी स्थित शास्त्री घाट पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। आप कार्यकर्ताओं ने 'वोट चोरी' का आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और SIR प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से रद्द करने की मांग की।

SIR और मतदाता सूची में अनियमितता का आरोप
प्रदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी के नेताओं ने आरोप लगाया कि SIR प्रक्रिया के तहत बड़े पैमाने पर पात्र मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए गए हैं, जिससे चुनावी निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पार्टी प्रवक्ताओं ने मीडिया रिपोर्ट्स का हवाला देते हुए दावा किया कि चुनाव आयोग की आंतरिक कार्यप्रणाली और डेटा प्रबंधन पर पहले भी सवाल उठ चुके हैं। आप नेताओं का कहना है कि वोटर लिस्ट में जिस तरह से आंकड़े मेल नहीं खा रहे हैं और पारदर्शिता का अभाव है, उससे चुनाव आयोग की विश्वसनीयता को बड़ा नुकसान पहुंचा है।
आर-पार के मूड में आम आदमी पार्टी
आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों ने साफ शब्दों में कहा कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा नहीं हो जाता और वोटर लिस्ट तैयार करने की प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी नहीं बनाया जाता, तब तक उनका यह आंदोलन संसद से लेकर सड़कों और अदालत तक लगातार जारी रहेगा।
प्रदर्शन में यह प्रमुख नेता रहे मौजूद
शास्त्री घाट पर आयोजित इस प्रदर्शन कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष कैलाश पटेल, जिला महासचिव घनश्याम पांडे, प्रदेश प्रवक्ता मुकेश सिंह, मनीष कुमार गुप्ता, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष अब्दुल्ला खान, अभिषेक सिंह, गुलाब सिंह राठौड़, सरोज शर्मा, अमर सिंह पटेल, शारदा टंडन, मोहिनी महेंद्रू, प्रिया पटेल, शहनवाज खान, मोहम्मद कुड्डूस, कांता प्रसाद गिहार, वाहिद खान और छेदी लाल श्रीवास्तव सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
