गैस सिलिंडर सब्सिडी के लिए आधार ई-केवाईसी जरूरी, जानें मोबाइल ऐप और एजेंसी से वेरिफिकेशन का आसान तरीका
इंडेन, एचपी और भारत गैस के ग्राहकों के लिए अहम जानकारी; ई-केवाईसी न होने पर रुक सकती है सब्सिडी, लेकिन कनेक्शन बंद नहीं होगा
भदैनी मिरर डेस्क: देशभर में इंडेन (Indane), एचपी गैस (HP Gas) और भारत गैस (Bharat Gas) का उपयोग करने वाले एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए सब्सिडी और ई-केवाईसी (e-KYC) से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। दिसंबर 2026 में गैस सिलिंडर की बुकिंग और सब्सिडी का लाभ जारी रखने के लिए उपभोक्ताओं को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनका आधार ऑथेंटिकेशन पूरा है या नहीं।

स्पष्ट कर दें कि नवंबर में सरकार या तेल कंपनियों ने आधार ई-केवाईसी को लेकर किसी नए नियम की अलग से घोषणा नहीं की है, लेकिन सब्सिडी का लाभ निर्बाध रूप से पाने के लिए बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन आवश्यक माना गया है।
सब्सिडी और कनेक्शन को लेकर क्या हैं मुख्य बातें?
-
सब्सिडी के लिए ई-केवाईसी जरूरी: घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं को सब्सिडी का लाभ लेने के लिए आधार बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन पूरा करना होगा। यदि यह प्रक्रिया पूरी नहीं होती है, तो सब्सिडी रुक सकती है या प्रभावित हो सकती है।
-
पहले करा चुके हैं तो दोबारा जरूरत नहीं: जिन ग्राहकों ने पहले ही अपना आधार ई-केवाईसी पूरा कर लिया है, उन्हें दोबारा यह प्रक्रिया करने की आवश्यकता नहीं है। उनकी बुकिंग और पात्रता पहले की तरह जारी रहेगी।
-
कनेक्शन बंद नहीं होगा: ई-केवाईसी न होने का अर्थ यह नहीं है कि गैस कनेक्शन अपने आप बंद हो जाएगा। हालांकि, सब्सिडी और रियायती लाभ से जुड़ी प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। जो ग्राहक सब्सिडी नहीं लेना चाहते या ई-केवाईसी नहीं कराना चाहते, उनके पास अधिकृत माध्यमों से विकल्प चुनकर बिना सब्सिडी सिलिंडर लेने का रास्ता खुला है। उपलब्धता के आधार पर 5 और 10 किलोग्राम के सिलिंडर का विकल्प भी मिलता है।
घर बैठे या एजेंसी जाकर ऐसे करें ई-केवाईसी
उपभोक्ता अपनी सुविधा के अनुसार मोबाइल ऐप, डिलीवरी के समय या गैस एजेंसी जाकर वेरिफिकेशन पूरा कर सकते हैं:
-
मोबाइल ऐप से: इंडेन ग्राहक IndianOil ONE, भारत गैस ग्राहक HelloBPCL और एचपी गैस ग्राहक HP PAY ऐप के माध्यम से प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इन ऐप्स पर फेस ऑथेंटिकेशन की सुविधा भी उपलब्ध है।
-
डिलीवरी के समय: यदि ई-केवाईसी नहीं हुई है, तो सिलिंडर डिलीवरी के दौरान डिलीवरी कर्मियों की सहायता से भी वेरिफिकेशन कराया जा सकता है।
-
गैस एजेंसी के जरिए: ऐप से प्रक्रिया पूरी करने में परेशानी होने पर ग्राहक अपनी संबंधित गैस एजेंसी में जाकर बायोमेट्रिक ई-केवाईसी करा सकते हैं।
