असम में 'निर्भया' जैसी दरिंदगी: 15 साल की किशोरी से दुष्कर्म के बाद बेरहमी से हत्या, चेहरा कुचला
दावत के दौरान कजिन से बहस के बाद घर लौटी थी किशोरी, परिजनों के लौटने पर मिला क्षत-विक्षत शव।
गुवाहाटी: असम के हैलाकांडी जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। काटलीचेड़ा थाना क्षेत्र के अलोईचारा इलाके में एक 15 वर्षीय किशोरी की दुष्कर्म के बाद अत्यंत बेरहमी से हत्या कर दी गई। दरिंदों ने बच्ची का चेहरा भारी चीज से कुचल दिया और उसके साथ क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल व्याप्त है।


दावत से अकेली घर लौटी थी किशोरी
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 11 बजे पीड़ित परिवार पास में ही एक रिश्तेदार के घर दावत में गया हुआ था। दावत के दौरान किसी बात को लेकर अपने चचेरे भाई से बहस होने के बाद 15 वर्षीय किशोरी अकेली ही अपने घर लौट आई थी।
देर रात जब परिवार के अन्य सदस्य घर पहुँचे, तो कमरे के अंदर का नजारा देखकर उनके रोंगटे खड़े हो गए। कमरे के फर्श पर किशोरी का क्षत-विक्षत शव पड़ा हुआ था। हमलावरों ने उसका सिर और चेहरा किसी भारी वस्तु से पूरी तरह कुचल दिया था, जिससे उसकी पहचान करना भी मुश्किल हो रहा था।

आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच-6 किया जाम, फांसी की मांग
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। रविवार सुबह सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने दोषियों को तुरंत गिरफ्तार कर फांसी देने की मांग को लेकर नेशनल हाईवे (NH-6) पर चक्का जाम कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
5 संदिग्ध हिरासत में, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अमिताभ सिन्हा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और स्थिति को नियंत्रित किया।

एसएसपी अमिताभ सिन्हा ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा, "परिवारजनों ने हत्या से पहले दुष्कर्म का आरोप लगाया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं। इस मामले में 5 संदिग्धों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। मेडिकल पुष्टि और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही दुष्कर्म की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी।"
पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
