वाराणसी। उत्तर प्रदेश के स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल ने शनिवार को उदय प्रताप कॉलेज के खेल मैदान में आयोजित 33वीं स्व. रणंजय सिंह स्मृति उत्तर प्रदेश मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप (पुरुष एवं महिला) का शुभारंभ किया। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।
इस प्रतियोगिता में 30 वर्ष से लेकर 100 वर्ष तक की आयु के प्रतिभागी हिस्सा ले सकते हैं। सबसे प्रेरणादायक प्रदर्शन 97 वर्षीय तिलक राज कपूर का रहा, जिन्होंने गोल्ड मेडल जीतकर खेल प्रेमियों को प्रभावित किया।
मंत्री जायसवाल ने इस अवसर पर एथलेटिक्स को जीवन में अनुशासन और स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा, “एथलेटिक्स में रनिंग, जंपिंग, थ्रोइंग और वॉकिंग जैसी विभिन्न स्पर्धाएं होती हैं। इसे ट्रैक एंड फील्ड के रूप में जाना जाता है। यह एक ऐसा खेल है, जिसमें व्यक्तिगत प्रयास को महत्व दिया जाता है।”
कार्यक्रम में पूर्व एमएलसी चेतनारायण सिंह, अरविंद सिंह, सुभाष यादव, नंदलाल सिंह, के.एन. तिवारी, पी.पी. सिंह, बी. सिंह, एस.के. सिंह, डॉ. विनय कुमार सिंह, अनुराग सिंह और दिनेश जायसवाल सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
चैंपियनशिप का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। आयोजन में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया, जो समाज के लिए एक प्रेरणा का स्रोत बने।
97 वर्षीय तिलक राज कपूर बने प्रेरणा स्रोत
गोल्ड मेडल जीतने वाले 97 वर्षीय तिलक राज कपूर ने अपने प्रदर्शन से यह सिद्ध किया कि उम्र केवल एक संख्या है। उनका साहस और जोश सभी के लिए अनुकरणीय है।