Movie prime
PMC_Hospital

जौनपुर से 50 हजार का इनामी असलहा तस्कर सुनील दुबे उर्फ रफ्तार गिरफ्तार: मध्य प्रदेश से लाता था पिस्टल और तमंचा

मछलीशहर के पूरा पवई नहर पुलिया के पास देर रात दबोचा गया सरगना; खंडवा व रीवा कनेक्शन का खुलासा

Ad

 
WhatsApp Group Join Now

Ad

जौनपुर/वाराणसी (भदैनी मिरर): उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की वाराणसी फील्ड इकाई को बड़ी कामयाबी मिली है। टीम ने जौनपुर जनपद के मछलीशहर क्षेत्र से 50 हजार रुपये के पुरस्कार घोषित अंतरराज्यीय असलहा तस्कर गिरोह के सरगना सुनील दुबे उर्फ रफ्तार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को 28 नवंबर 2026 की देर रात करीब 1:16 बजे मछलीशहर थाना क्षेत्र के पूरा पवई नहर पुलिया के पास से दबोचा गया।

Ad

गिरफ्तार अभियुक्त मूल रूप से हरसाद, थाना हलिया, जनपद मीरजापुर का निवासी है और उसके पिता का नाम राम शिरोमणि दुबे है।

अगस्त में पकड़े गए थे गिरोह के तीन तस्कर

पुलिस और एसटीएफ के मुताबिक, 25 अगस्त 2026 को जौनपुर की मछलीशहर पुलिस ने चेकिंग के दौरान तीन असलहा तस्करों—शिव प्रकाश मिश्रा, मन कामेश्वर मिश्रा और प्रियांशु शुक्ला—को 5 देशी पिस्टल और 7 अवैध तमंचों के साथ गिरफ्तार किया था। इस मामले में थाना मछलीशहर में मु0अ0सं0 280/2026, धारा 317(2) बीएनएस व 3/5/25/25(3) आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। उसी प्रकरण में गिरोह का सरगना सुनील दुबे फरार चल रहा था, जिस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

मुखबिर की सूचना पर एसटीएफ ने घेराबंदी कर पकड़ा

फरार व इनामी अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसटीएफ वाराणसी इकाई के निरीक्षक अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम सक्रिय थी। इसी दौरान विश्वस्त सूत्र से सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त सुनील दुबे उर्फ रफ्तार मछलीशहर क्षेत्र में पूरा पवई नहर पुलिया के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

मध्य प्रदेश से जुड़ते हैं तस्करी के तार

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अंतरराज्यीय स्तर पर अवैध असलहों की तस्करी करता है। उसके अनुसार, मध्य प्रदेश के खंडवा निवासी असलहा तस्कर अब्दुल से फोन पर हथियारों का सौदा तय किया जाता था। इसके बाद अब्दुल रीवा (मध्य प्रदेश) तक असलहे पहुंचाता था। सुनील दुबे रीवा जाकर अब्दुल से 25 हजार रुपये में देशी पिस्टल और 5 हजार रुपये में देशी तमंचा खरीदता था, जिन्हें आगे अलग-अलग कीमतों पर बेचा जाता था।

गिरफ्तार अभियुक्त को संबंधित मुकदमे में दाखिल कर दिया गया है और स्थानीय पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।