जौनपुर में सनसनीखेज वारदात: जमीन विवाद में मां-बेटी की हत्या
नेवढ़िया के सैदुपुर गांव में कमरे में मिलीं खून से लथपथ लाशें; 75 वर्षीय मां व 45 वर्षीय बहन की हत्या से गांव में हड़कंप
जौनपुर (नेवढ़िया) / भदैनी मिरर:
जौनपुर जिले के नेवढ़िया थाना क्षेत्र अंतर्गत सैदुपुर गांव में शुक्रवार को उस वक्त भारी सनसनी फैल गई, जब जमीन के खूनी विवाद में मां और बेटी की बेरहमी से हत्या किए जाने की खबर सामने आई। घर के कमरे में दोनों की खून से लथपथ लाशें मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। मामले में कलयुगी बेटे पर ही अपनी मां और बहन की हत्या करने का गंभीर आरोप लगा है।

जमीन विवाद में दोहरे हत्याकांड से दहला गांव
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सैदुपुर गांव में जमीन के बंटवारे और कब्जे को लेकर परिवार के भीतर काफी समय से विवाद चल रहा था। शुक्रवार को यह विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी युवक ने आपा खो दिया और अपनी 75 वर्षीया वृद्ध मां शीतला देवी तथा 45 वर्षीया बहन गौरा देवी पर जानलेवा हमला कर दिया।

गंभीर चोटें आने के कारण दोनों महिलाओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर, जांच जारी
वारदात की सूचना मिलते ही नेवढ़िया थाना पुलिस दल-बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर साक्ष्य एकत्रित किए और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में घटना की वजह पारिवारिक जमीन संबंधी विवाद सामने आ रही है। परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही मामले का पूर्ण खुलासा किया जाएगा।
