जौनपुर में सनसनीखेज वारदात: सराफा दुकान में लूट के बाद ईंट-पत्थर से कूचकर अधेड़ की हत्या, इलाके में दहशत
जौनपुर के भभौरी गोदाम बाजार में बदमाशों का तांडव
भदैनी मिरर क्राइम डेस्क: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में बेखौफ बदमाशों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया है। सिकरारा थाना क्षेत्र के बरईपार रोड स्थित भभौरी गोदाम बाजार में रविवार देर रात बदमाशों ने एक सराफा दुकान को निशाना बनाया। चोरी और लूट के दौरान बदमाशों ने दुकान के बाहर सो रहे एक 50 वर्षीय अधेड़ की सिर कूचकर निर्मम हत्या कर दी और दुकान का किवाड़ तोड़कर सामान समेटकर फरार हो गए। सोमवार भोर में घटना की जानकारी होते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

विंध्यवासिनी ज्वेलर्स का दरवाजा तोड़कर की लूटपाट
मिली जानकारी के मुताबिक, खपरहां गांव निवासी हिमांशु सेठ की भभौरी गोदाम बाजार में 'विंध्यवासिनी ज्वेलर्स' के नाम से दुकान है। रविवार की रात बदमाश दुकान को निशाना बनाने पहुंचे थे। दुकान के बाहर लकड़ी के किवाड़ को तोड़कर बदमाश अंदर दाखिल हुए और वहां रखा कीमती सामान व जेवरात समेट लिए। अंदर का पूरा सामान बिखरा हुआ मिला है। पुलिस फिलहाल लूटे गए माल के सटीक आकलन में जुटी हुई है।

15 वर्षों से दुकान के बाहर सो रहे उदयराज की हत्या
वारदात के दौरान दुकान के बरामदे में सो रहे भभौरी गांव निवासी उदयराज यादव (50) बदमाशों के रास्ते में आ गए। आशंका जताई जा रही है कि आहट होने या विरोध करने पर बदमाशों ने भारी वस्तु या ईंट-पत्थर से वार कर उदयराज का सिर कूच दिया। मौके पर फर्श और दीवार पर खून के छींटे फैले मिले, जो भीषण हाथापाई की ओर इशारा करते हैं।

परिजनों के अनुसार, उदयराज पिछले 15 सालों से गोदाम बाजार में ही रहते थे और रात में इसी दुकान के बाहर सोते थे। वह काफी शांत स्वभाव के थे और उनकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं रहती थी।
मौके पर पहुंचीं कई थानों की पुलिस, जांच के लिए 3 टीमें गठित
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आतिश कुमार सिंह, सीओ सदर सम्यक चौधरी और थानाध्यक्ष तेजबहादुर सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले के जल्द से जल्द अनावरण और बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
