Movie prime
PMC_Hospital

जौनपुर के चंदवक में टला बड़ा हादसा: वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर खाई में पलटा पेट्रोल-डीजल से भरा टैंकर

रामगढ़ के पास चालक को झपकी आने से अनियंत्रित हुआ ट्रेलर; मुगलसराय से आजमगढ़ जा रहा था ईंधन से लदा वाहन, कोई जनहानि नहीं

Ad

 
WhatsApp Group Join Now

Ad

जौनपुर/वाराणसी (भदैनी मिरर): जौनपुर जनपद के चंदवक थाना क्षेत्र अंतर्गत वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर शुक्रवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रामगढ़ के पास रात करीब 11:30 बजे पेट्रोल और डीजल से लदा एक टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गया। दुर्घटना के बाद टैंकर से ईंधन का रिसाव शुरू होने पर आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया, लेकिन पुलिस और फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से संभावित आगजनी व बड़े नुकसान को रोक लिया गया।

Ad

कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के मुताबिक, यह टैंकर मुगलसराय से पेट्रोल और डीजल लोड कर आजमगढ़ की ओर जा रहा था। वाहन को आजमगढ़ निवासी चालक सुरेंद्र यादव चला रहा था। चंदवक क्षेत्र के रामगढ़ के पास पहुंचते ही चालक को नींद की झपकी आ गई, जिससे वाहन संतुलन खो बैठा और सड़क किनारे गहरी खाई में जा पलटा।

ईंधन रिसाव से मचा हड़कंप, क्रेन से हटाया गया टैंकर

टैंकर के पलटते ही उसमें से पेट्रोल और डीजल का रिसाव शुरू हो गया। ज्वलनशील पदार्थ बहने के कारण आग लगने की आशंका पैदा हो गई, जिससे मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही चंदवक थाने की पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और सुरक्षा घेरा बनाकर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद क्रेन मंगाकर खाई में पलटे टैंकर को बाहर निकलवाया गया।

चालक सुरक्षित, यातायात कराया गया सुचारु

चंदवक थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि इस दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है और वाहन चालक भी पूरी तरह सुरक्षित है। क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त टैंकर को हटवाकर वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर यातायात को सामान्य रूप से बहाल करा दिया गया है।