Jaunpur News: पौने दो करोड़ का 1.3 किलो सोना हड़पने वाले फरार स्वर्ण व्यवसायी पर पुलिस का शिकंजा
शाहगंज और जौनपुर कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई; न्यायालय के आदेश पर आरोपी कुंदन उर्फ उपकार सेठ के आवास और प्रतिष्ठानों पर धारा 82 के तहत की गई मुनादी।
जौनपुर / शाहगंज (भदैनी मिरर): करीब एक किलो 300 ग्राम सोना हड़पने के चर्चित मामले में फरार चल रहे स्वर्ण व्यवसायी के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने कानूनी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। न्यायालय के कड़े रुख और आदेश के बाद पुलिस ने आरोपी के आवास और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर धारा 82 (फरारी की उद्घोषणा) के तहत नोटिस चस्पा कर दिया है। हड़पे गए सोने की बाजार में अनुमानित कीमत करीब पौने दो करोड़ रुपये आंकी गई है।


क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई जौनपुर के ताड़तला निवासी वादी चंदन वर्मा उर्फ चंदन सेठ की शिकायत के आधार पर की जा रही है। आरोपी स्वर्ण व्यवसायी कुंदन उर्फ उपकार सेठ पर करीब 1.3 किलोग्राम सोना हड़पने का गंभीर आरोप है। मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा है, जिसके बाद न्यायालय से उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई का आदेश जारी हुआ।
इन ठिकानों पर पुलिस ने चस्पा किया नोटिस
प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में बृहस्पतिवार को जौनपुर कोतवाली पुलिस की टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस ने निम्नलिखित स्थानों पर धारा 82 का नोटिस चस्पा कर स्थानीय लोगों को न्यायालय की कार्रवाई से अवगत कराया:
-
श्री बाबा अपार्टमेंट स्थित आवास
-
श्रीरामपुर रोड स्थित 'बाबा ज्वेलर्स' प्रतिष्ठान
-
नई आबादी स्थित आरोपी का पैतृक आवास
आगे क्या होगी कार्रवाई?
कानूनी प्रक्रिया के तहत धारा 82 का नोटिस चस्पा होने के बाद यदि आरोपी निर्धारित समय सीमा के भीतर न्यायालय या पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण नहीं करता है, तो पुलिस कोर्ट के अगले आदेश पर उसकी चल-अचल संपत्ति की कुर्की (धारा 83) की कार्रवाई शुरू करेगी। पुलिस की इस सख्ती से स्थानीय सर्राफा बाजार में हड़कंप मच गया है।
