जौनपुर: 8 दिन से लापता वृद्ध का घर में मिला सड़ा-गला शव, चोरी के दौरान हत्या का आरोप
केराकत के बेहड़ा गांव की घटना; गेस्ट रूम से तेज दुर्गंध आने पर सफाई के दौरान मिला शव, पुलिस जांच में जुटी
जौनपुर (केराकत) / भदैनी मिरर:
जौनपुर जिले के केराकत कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बेहड़ा गांव में शुक्रवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब 11 सितंबर से लापता 70 वर्षीय विनोद सिंह का शव उनके ही घर के गेस्ट रूम में सड़ी-गली हालत में मिला। कई दिन पुराना शव होने के कारण कमरे से तेज दुर्गंध आ रही थी। लखनऊ से गांव पहुंचे बेटे ने चोरी के दौरान पिता की मारपीट कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।

8 दिनों से की जा रही थी तलाश, दुर्गंध आने पर खुला राज
मृतक विनोद सिंह सवारी गाड़ी पर खलासी का काम करते थे और परिजनों के अनुसार वे मानसिक रूप से भी कुछ अस्वस्थ रहते थे। उनका इकलौता बेटा अतुल सिंह अपने परिवार के साथ लखनऊ में रहता है। 11 सितंबर की रात से जब विनोद सिंह अचानक लापता हो गए, तो परिजन उनकी लगातार तलाश कर रहे थे।

शुक्रवार (18 सितंबर) को जब अतुल गांव पहुंचे तो घर के अंदर से तेज दुर्गंध आ रही थी। शुरुआत में ग्रामीणों ने किसी जानवर के मरने की आशंका जताई। इसके बाद जब घर की सफाई शुरू कराई गई, तो गेस्ट रूम का दरवाजा खोलने पर विनोद सिंह का शव पड़ा मिला। शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

चोरी के दौरान मारपीट और हत्या का आरोप
लखनऊ से पहुंचे बेटे अतुल सिंह ने गांव के ही एक युवक और उसके साथियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अतुल का कहना है कि आरोपियों ने घर में चोरी की नियत से घुसकर उनके पिता के साथ मारपीट की, जिससे उनकी मौत हो गई और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को गेस्ट रूम में छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही केराकत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
केराकत थाना प्रभारी निरीक्षक अमरेंद्र पांडेय ने बताया कि परिजनों की तहरीर व आरोपों के आधार पर मामले की गहनता से जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्रित कर लिए हैं। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा, जिसके आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
