वाराणसीः गेस्ट हाउस में ठहरी विदेशी महिला की संदिग्ध हालात में मौत
शिवाला क्षेत्र के गेस्ट हाउस में पति के साथ ठहरी थी टाटानिया मोस्कॉलिको

गेस्ट हाउस में अचानक बिगडी तबितय, पति ले गया अस्पताल
वाराणसी, भदैनी मिरर। काशी दर्शन के लिए अपने पति के साथ आई रूस की एक महिला पर्यटक की रविवार को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। मृतका की पहचान टाटानिया मोस्कॉलिको (63) हुई और वह मास्को, रूस की रहनेवाली है। वह अपने पति एडुआर्ड स्कोरोबोगाटोव के साथ चार दिन पहले वाराणसी आई थी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के शिवाला स्थित संध्या गेस्ट हाउस में ठहरी हुई थी।



रविवार की दोपहर करीब 2.30 बजे महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई। सांस लेने में दिक्कत महसूस होने पर महिला के पति ने होटल के कर्मचारियों को जानकारी दी। होटल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची भेलूपुर पुलिस ने तत्काल महिला को उपचार के लिए नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया। लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे बीएचयू स्थित सर सुंदरलाल अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।

थाना प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला पेट के संक्रमण (इंफेक्शन) की बीमारी से पीड़ित थी और इलाज भी करा रही थी। फिलहाल महिला के शव को बीएचयू मर्चरी में सुरक्षित रखा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। आवश्यक औपचारिकताएं करने के लिए विदेश मंत्रालय और दूतावास को भेज दी है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही भेलूपुर पुलिस टीम ने गेस्ट हाउस पहुंचकर जांच की और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले। स्थानीय प्रशासन ने बताया कि सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को रूस दूतावास के माध्यम से परिवार को सौंपा जाएगा। काशी दर्शन को आई विदेशी महिला की यह अचानक मौत स्थानीय लोगों और होटल कर्मियों में चर्चा का विषय बनी हुई है।


