TikTok Star Arrested: मशहूर बॉय बैंड सिंगर की हत्या की रची साजिश; टिकटॉक स्टार बेटी, वकील पिता और पूर्व बॉयफ्रेंड गिरफ्तार
बेटी की कस्टडी विवाद में रची गई हत्या की साजिश
लॉस एंजिल्स: सोशल मीडिया की चमक-दमक के पीछे छिपे अपराध का एक ऐसा हैरान करने वाला मामला सामने आया है जिसने सबको झकझोर कर रख दिया है। अमेरिका की मशहूर टिकटॉक इन्फ्लुएंसर गैब्रिएला "गैबी" गोंजालेज (Gabriela Gonzalez) को कैलिफोर्निया एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया है। गैब्रिएला पर आरोप है कि उसने अपने पॉपुलर बॉय बैंड 'व्हाई डोंट वी' (Why Don't We) के पूर्व सिंगर जैक एवरी (Jack Avery) की हत्या कराने के लिए 'मर्डर-फॉर-हायर' (सुपारी देने) की एक खतरनाक साजिश रची। चौंकाने वाली बात यह है कि इस खूनी साजिश में गैबी के वकील पिता और उसके पूर्व बॉयफ्रेंड ने भी उसका पूरा साथ दिया।


बेटी की कस्टडी विवाद में रची गई हत्या की साजिश
लॉस एंजिल्स काउंटी के डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी नाथन होचमैन के मुताबिक, 24 वर्षीय टिकटॉक स्टार गैब्रिएला गोंजालेज और सिंगर जैक एवरी की एक 7 साल की बेटी है। दोनों के बीच लंबे समय से बच्ची की कस्टडी (परवरिश का अधिकार) को लेकर कानूनी जंग चल रही थी। कोर्ट दस्तावेजों के अनुसार, गैबी और उसके पिता फ्रांसिस्को गोंजालेज ने जैक एवरी को समाज में खतरनाक और अयोग्य साबित करने की कोशिश की। जब वे फैमिली कोर्ट के प्रोसेस से परेशान हो गए, तो उन्होंने जैक को हमेशा के लिए अपने रास्ते से हटाने का मन बना लिया।

डार्क वेब और बिटकॉइन (Bitcoin) का हुआ इस्तेमाल
जांच में खुलासा हुआ है कि यह साजिश साल 2020 से 2021 के बीच रची गई थी। गैब्रिएला ने अपने तत्कालीन बॉयफ्रेंड काई फरोन कॉर्ड्रे (26) की मदद से डार्क वेब (Dark Web) के जरिए एक पेशेवर शूटर (Hitman) को ढूंढने का काम शुरू किया।
-
सीक्रेट कोडनेम: आरोपी कॉर्ड्रे ने डार्क वेब पर जैक एवरी की हत्या की डील करने के लिए "LizardKing69" नाम के फेक यूजरनेम का इस्तेमाल किया।
-
एक्सीडेंट दिखाने की कोशिश: आरोपियों के बीच हुई बातचीत से पता चला है कि वे इस हत्या को एक 'हादसा' दिखाना चाहते थे ताकि किसी को उन पर शक न हो।
वकील पिता ने दिए 'सुपारी' के पैसे
इस घिनौने अपराध में गैबी के 59 वर्षीय पिता फ्रांसिस्को गोंजालेज, जो कि फ्लोरिडा में एक पर्सनल इंजरी वकील हैं, ने मुख्य फाइनेंसर की भूमिका निभाई। उन्होंने कॉर्ड्रे को हिटमैन को एडवांस पेमेंट देने के लिए $10,000 (करीब 8.3 लाख रुपये) ट्रांसफर किए। बाद में, जब कथित शूटर ने और पैसों की मांग की, तो $4,000 की एक और किश्त कॉर्ड्रे की कंपनी 'साइट व्हिस्परर' के जरिए रूट की गई।

एफबीआई (FBI) के जाल में फंसे आरोपी
आरोपी जिस डार्क वेब को सुरक्षित समझ रहे थे, वहीं उनकी सबसे बड़ी भूल हो गई। दरअसल, कॉर्ड्रे ऑनलाइन जिस कथित हिटमैन से बात कर रहा था और दो दिन के भीतर जैक को मारने की डील कर रहा था, वह कोई असली अपराधी नहीं बल्कि भेष बदले हुए एफबीआई (FBI) का अंडरकवर एजेंट था। एफबीआई ने इस पूरी डिजिटल बातचीत और मनी ट्रेल को ट्रैक किया और सबूत जुटाकर केस लॉस एंजिल्स पुलिस को सौंप दिया।
दोषी पाए जाने पर उम्रकैद की सजा
डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी नाथन होचमैन ने इस मामले पर दुख जताते हुए कहा, "आमतौर पर पिता बच्चों को कानून का सम्मान करना सिखाते हैं, लेकिन यहां एक पिता ने अपनी बेटी और उसके बॉयफ्रेंड को सबसे खौफनाक तरीके से कानून तोड़ने में मदद की।"
गैब्रिएला गोंजालेज को कैलिफोर्निया के अर्काटा-यूरेका एयरपोर्ट से हिरासत में लिया गया, जबकि उसके पिता को फ्लोरिडा से गिरफ्तार किया गया है। तीनों आरोपियों पर हत्या का प्रयास, हत्या की साजिश रचने और हत्या के लिए उकसाने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। यदि अदालत में ये आरोप साबित हो जाते हैं, तो तीनों को 25 साल से लेकर उम्रकैद (Life Imprisonment) तक की सजा हो सकती है। फिलहाल कोर्ट ने आरोपियों की जमानत राशि $2 मिलियन (लगभग 16.6 करोड़ रुपये) तय की है।
