भारत-नेपाल सीमा पर फर्जी पासपोर्ट, पहचान पत्र के साथ नेपाली महिला गिरफ्तार, भेजी गई जेल
हांगकांग जाना चाहती थी नेपाल की महिला भावना गुरूंग, नेपाल से हांगकांड जाने पर है प्रतिबंध
हांगकांड में घरेलू महिला के रूप में काम कर चुकी ही भावना
महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा स्थित सोनौली बार्डर शुक्रवार की रात एक नेपाली महिला को फर्जी भारतीय पासपोर्ट और पहचान पत्र के साथ इमिग्रेशन विभाग ने पकड़ लिया। यह महिला नेपाल से भारत में प्रवेश कर रही थी। इसी दौरान सोनौली स्थित आव्रजन विभाग ने दस्तावेजों की जांच की तो मामला संदिग्ध लगा। बातचीत एवं वेशभूषा से महिला नेपाल की नागरिक प्रतीत हुई, किंतु उसके पास भारतीय पासपोर्ट देख अधिकारी सकते में आ गए। विस्तृत जांच और पूछताछ के बाद उसे पकड़ कर सोनौली पुलिस को सौंप दिया गया। पकड़ी गई महिला की पहचान भावना गुरुंग निवासी नेपाल के रूप में हुई है। इस महिला के पकड़े जाने के बाद भारत- नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। पकड़ी गई महिला भावना गुरुंग है और उसने सालिना प्रधान नाम से पासपोर्ट बनवाये थे।


जानकारी के अनुसार यह महिला हांगकांग जानेवाली थी और उसने फर्जी नाम-पते पर भारतीय पासपोर्ट बनवाया था। भारत और नेपाल दोनों देशों के पासपोर्ट उसके अलग-अलग नाम है। जांच के बाद इस महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया। पूछताछ में पता चला कि उसने सालिना प्रधान नाम से फर्जी भारतीय पासपोर्ट और अन्य पहचान पत्र बनवाये थे। महिला पहले हॉन्गकॉन्ग में घरेलू नौकरानी के रूप में कार्य कर चुकी है, लेकिन वर्तमान में नेपाल से हॉन्गकॉन्ग जाने पर प्रतिबंध के कारण उसने भारतीय नागरिक बनकर पुनः बाहर जाने की योजना बनाई थी।

सोनौली थाने के कोतवाल अजित प्रताप सिंह के अनुसार भावना गुरुंग द्वारा फर्जी दस्तावेज के आधार पर भारतीय पासपोर्ट बनवाया गया था। इस मामले में आव्रजन अधिकारी की तहरीर पर भारतीय दंड संहिता और पासपोर्ट अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। महिला ने बताया कि हांगकांग में घरेलू कार्य करती थी, जबकि नेपाल सरकार की ओर से नेपाली नागरिक को हांगकांग में घरेलू कार्य के उद्देश्य से जाने की अनुमति ही नहीं है। इस बाबत महिला कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं दे पाई। पोल खुलने के बाद महिला ने बताया कि उसने अपना नाम व पता बदलकर आधार कार्ड के जरिए भारत का फर्जी पासपोर्ट बनवाया था।

