Movie prime
PMC_Hospital

आतंकवाद के खिलाफ भारत के साथ मजबूती से खड़ा है इजरायल, 26/11 के शहीदों और पीड़ितों को दी श्रद्धांजलि

मुंबई आतंकी हमले की बरसी पर इजरायली विदेश मंत्रालय का संदेश- आतंकवाद की कोई सीमा नहीं होती, नरीमन हाउस में मारे गए थे पांच इजरायली नागरिक

Ad

 
WhatsApp Group Join Now

Ad

भदैनी मिरर डेस्क: 26/11 मुंबई आतंकी हमले की बरसी के मौके पर गुरुवार को इजरायल ने हमले में मारे गए निर्दोष लोगों और शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इजरायल ने दोहराया कि आतंकवाद के खिलाफ इस संयुक्त लड़ाई में वह भारत के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है।

Ad

इजरायली विदेश मंत्रालय ने व्यक्त की एकजुटता

इजरायल के विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) पर पोस्ट साझा करते हुए भारतीय नागरिकों के अदम्य साहस और जज्बे को सलाम किया। मंत्रालय ने अपने संदेश में कहा, "आज इजरायल भारतीय लोगों के लचीलेपन, दूसरों की जान बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालने वाले वीरों के साहस और भयावह 26/11 मुंबई आतंकी हमलों में मारे गए निर्दोष लोगों की स्मृति का सम्मान करता है।"

अपने आधिकारिक बयान में इजरायली विदेश मंत्रालय ने आगे कहा कि आतंकवाद की कोई सीमा नहीं होती और इसे जड़ से खत्म करने की हमारी साझा प्रतिबद्धता की भी कोई सीमा नहीं है। आतंक के खिलाफ इस लड़ाई में इजरायल भारत के साथ दृढ़ता से खड़ा है। गौरतलब है कि 2008 के इस आतंकी हमले में मुंबई स्थित नरीमन हाउस (चाबड़ हाउस) को भी निशाना बनाया गया था, जिसमें पांच इजरायली नागरिकों की जान चली गई थी।

2008 का वह काला दिन जब दहल उठी थी मुंबई

उल्लेखनीय है कि 26 नवंबर 2008 को पाकिस्तान से समुद्री रास्ते के जरिए मुंबई में घुसे लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के 10 हथियारबंद आतंकियों ने देश की आर्थिक राजधानी में भीषण तबाही मचाई थी। 29 नवंबर की सुबह तक चले इस समन्वित आतंकी हमले में विदेशी नागरिकों समेत कुल 166 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 300 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।

आतंकियों ने भीड़भाड़ वाले प्रमुख ठिकानों को निशाना बनाया था, जिनमें छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT), ताज महल पैलेस होटल, ट्राइडेंट होटल, नरीमन हाउस, लियोपोल्ड कैफे और कामा अस्पताल शामिल थे।

सुरक्षाबलों का अदम्य साहस और कसाब को फांसी

इस हमले का जवाब देते हुए मुंबई पुलिस और राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) के जवानों ने अदम्य वीरता का परिचय दिया और सभी आतंकियों को ढेर कर दिया। इस अभियान के दौरान मुंबई पुलिस के कांस्टेबल तुकाराम ओंबले ने आतंकियों की स्वचालित बंदूक की गोलियों का सामना करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया और एकमात्र जीवित बचे पाकिस्तानी आतंकी अजमल कसाब को जिंदा पकड़ने में सफलता पाई। बाद में कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद कसाब को उसके जघन्य अपराधों के लिए फांसी दी गई थी।