Movie prime
PMC_Hospital

डोनाल्ड ट्रंप के ईरान युद्ध प्लान का हुआ खुलासा! इराक के प्रधानमंत्री के दावे से मचा हड़कंप

लीक हुए युद्ध प्लान में अमेरिका और ईरान के बीच टकराव के संभावित रास्तों का हुआ जिक्र।

Ad

 
WhatsApp Group Join Now

Ad

Ad

अंतरराष्ट्रीय डेस्क (भदैनी मिरर): अमेरिका और ईरान के बीच चल रहा पुराना तनाव एक बार फिर गहराता नजर आ रहा है। इस बीच, इराक के प्रधानमंत्री अली अल-जैदी के एक बड़े दावे ने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। प्रधानमंत्री जैदी ने खुलासा किया है कि उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को पेश किए गए एक 'लीक' युद्ध प्लान का कुछ हिस्सा देखा है, जिसमें अमेरिका और ईरान के बीच संभावित सैन्य टकराव के तीन संभावित रास्ते बताए गए हैं। इस खुलासे के बाद से खाड़ी देशों और अंतरराष्ट्रीय कूटनीति में हलचल तेज हो गई है।

Ad
Ad

क्या हैं युद्ध के संभावित रास्ते?

इराकी अखबार 'अल-मदा' की रिपोर्ट के अनुसार, प्रधानमंत्री जैदी ने शिया राजनीतिक दलों के गठबंधन 'कोऑर्डिनेशन फ्रेमवर्क' की बैठक में इस खुफिया प्लान का जिक्र किया। उनके मुताबिक:

  1. पहला रास्ता: अमेरिकी जमीनी सेना इराक की भू-भाग का इस्तेमाल कर सीधे दक्षिणी ईरान के तेल समृद्ध खुज़ेस्तान प्रांत में घुसपैठ कर सकती है। यह क्षेत्र ईरान के सबसे बड़े तेल भंडारों और रिफाइनरियों का गढ़ है, जो इराक की सीमा से सटा हुआ है। इस मार्ग से हमला होने पर ईरान को भारी आर्थिक और रणनीतिक क्षति उठानी पड़ सकती है।

  2. दूसरा रास्ता: इस परिदृश्य के तहत तेहरान द्वारा बगदाद पर यह दबाव बनाया जा सकता है कि वह इराकी जमीन का इस्तेमाल कर कुवैत में हथियारों के साथ घुसपैठ करे, ताकि अमेरिकी सहयोगी देशों को निशाना बनाया जा सके।

इराक क्यों फंस गया है इस संकट में?

अपनी सामरिक और भौगोलिक स्थिति के कारण इराक एक बार फिर अमेरिका और ईरान के बीच संभावित महासंग्राम के केंद्र में आ गया है। इराक पिछले दो दशकों से वाशिंगटन और तेहरान दोनों के साथ अपने कूटनीतिक रिश्ते साधने की कोशिश कर रहा है। 2003 में सद्दाम हुसैन के पतन के बाद अमेरिका का प्रभाव बढ़ा, तो वहीं ईरान ने अपने राजनीतिक सहयोगियों और सशस्त्र गुटों के जरिए इराक की राजनीति में गहरी पैठ बना ली।

बेल्जियम के थिंक टैंक 'इंटरनेशनल क्राइसिस Group' की रिपोर्ट के अनुसार, हालिया तनाव के बीच ईरान समर्थित इराकी गुटों ने अमेरिकी ठिकानों पर 750 से अधिक हमले किए हैं, जिसके जवाब में इजरायल और अमेरिका ने भी जवाबी कार्रवाई की है।

'हम युद्ध के पक्ष में नहीं'- इराकी नेतृत्व की दो टूक

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से फोन पर बातचीत करने के बाद इराकी प्रधानमंत्री अली अल-जैदी ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि इराक की भूमि का इस्तेमाल किसी भी पड़ोसी देश के खिलाफ हमले के लिए नहीं होने दिया जाएगा।

इसके साथ ही, विदेश मंत्री फुआद हुसैन ने भी कड़े शब्दों में चेतावनी दी है कि इराक किसी भी सूरत में एक और भीषण युद्ध का सामना करने की स्थिति में नहीं है। उन्होंने कहा, "हम किसी भी धुरी का हिस्सा नहीं हैं और न ही अपनी धरती को जंग का मैदान बनने देंगे।"

बहरहाल, इस खुलासे के बाद मिडिल ईस्ट में अमेरिका और ईरान के बीच किसी बड़े टकराव की आशंकाओं ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय बाजार और कूटनीति की नींद उड़ा दी है।