ब्रिटिश कोलंबिया में स्कूल में भयंकर गोलीबारी, 10 की मौत, हमलावर भी ढेर-दर्जनों घायल
करीब 200 छात्रों वाले स्कूल में मची अफरा-तफरी, RCMP ने संदिग्ध हमलावर के आत्महत्या की पुष्टि की, दूसरे शूटर की भी जांच
इंटरनेशनल डेस्क| कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक स्कूल परिसर में हुई भयानक गोलीबारी की घटना में हमलावर समेत कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जनों लोग घायल बताए जा रहे हैं।
घटना मंगलवार की बताई जा रही है। जिस स्कूल में फायरिंग हुई, वहां करीब 200 छात्र पढ़ते हैं। अचानक चली गोलियों से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। छात्र, शिक्षक और स्टाफ जान बचाकर इधर-उधर भागते नजर आए।


रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) के अनुसार, संदिग्ध हमलावर मौके पर मृत पाया गया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि उसने खुद को गोली मार ली। हालांकि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस हमले में कोई दूसरा शूटर शामिल था या नहीं।
घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल, एंबुलेंस और आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंच गईं। पूरे स्कूल परिसर को सील कर दिया गया है और आसपास के इलाकों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।

घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और आधिकारिक जानकारी का इंतजार करें।
फिलहाल हमलावर की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है - जिसमें हमले की वजह, हथियारों की उपलब्धता और मानसिक स्थिति जैसे बिंदु शामिल हैं।

इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे कनाडा में शोक की लहर है। स्थानीय प्रशासन और स्कूल प्रबंधन पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद देने का आश्वासन दे रहा है।
