बांग्लादेश में अवामी लीग का 'लॉकडाउन', तोड़फोड़ और देसी बमों से धमाके
चटगांव में मुहम्मद यूनुस के पैतृक घर में लगाई गई आग; राजधानी ढाका समेत संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा कड़ी, बीजीबी (BGB) की 96 टुकड़ियां तैनात
इंटरनेशनल डेस्क। पड़ोसी देश बांग्लादेश में गुरुवार को उस समय तनाव की स्थिति पैदा हो गई, जब पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की प्रतिबंधित अवामी लीग ने सुबह से शाम तक 'लॉकडाउन' का आह्वान किया। इसके चलते देश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन, तोड़फोड़, आगजनी और देसी बम धमाकों की घटनाएं सामने आईं। हालात को काबू में रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए राजधानी ढाका समेत विभिन्न संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है तथा बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) की 96 टुकड़ियां तैनात की गई हैं।

ढाका में धमाके, चटगांव में यूनुस के पैतृक घर को फूंका
गुरुवार सुबह से ही विभिन्न इलाकों से अशांति की खबरें आने लगीं:
-
चटगांव में आगजनी: अज्ञात हमलावरों ने चटगांव के पांचलाइश इलाके में स्थित पूर्व अंतरिम सरकार प्रमुख मुहम्मद यूनुस के पैतृक घर को आग के हवाले कर दिया। इससे पहले भी देश के विभिन्न हिस्सों में उनके ग्रामीण बैंक की कई शाखाओं को निशाना बनाए जाने की घटनाएं सामने आई थीं।
-
ढाका में तोड़फोड़ व धमाके: प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कड़ी सुरक्षा के बावजूद ढाका के कुछ हिस्सों में देसी बम विस्फोट, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं हुईं। इन घटनाओं में कम से कम चार लोगों के घायल होने की सूचना है।
ढाका में जनजीवन पर सीमित असर, बसें सामान्य रूप से चलीं
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूर्व घोषित कार्यक्रम को लेकर लोगों में चिंता जरूर देखी गई, लेकिन राजधानी ढाका में रोजमर्रा के जनजीवन पर इसका कोई व्यापक असर नहीं दिखा। गाबतली और सायेदाबाद बस टर्मिनलों से लंबी दूरी की बसों का संचालन जारी रहा और अंतर-जिला बसें भी सामान्य रूप से ढाका पहुंचती रहीं। हालांकि, संभावित हमलों और दहशत फैलाने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने खुफिया निगरानी बढ़ा दी है।
हाई अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां, 96 टुकड़ियां तैनात
पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि तोड़फोड़ या बम धमाकों के जरिए दहशत फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस, एसआरबी और अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ-साथ सादे कपड़ों में खुफिया कर्मी भी प्रमुख स्थानों पर नजर बनाए हुए हैं।
बांग्लादेश गृह मंत्रालय के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए BGB की 96 टुकड़ियां (करीब 3,000 जवान) तैनात की गई हैं:
-
गोपालगंज: 27 टुकड़ियां
-
ढाका: 23 टुकड़ियां
-
चट्टोग्राम: 15 टुकड़ियां
इसके अलावा नारायणगंज, गाजीपुर, मैमनसिंह और फरीदपुर के संवेदनशील इलाकों में भी बीजीबी के जवान पुलिस और जिला प्रशासन के साथ मिलकर स्थिति संभाल रहे हैं।
