एयर इंडिया की फ्लाइट में हवा में बड़ा झटका: फुकेट से दिल्ली आ रहे विमान में भयंकर टर्बुलेन्स, कई यात्री और क्रू मेंबर घायल
फ्लाइट AI2379 क्रूज फेज के दौरान अचानक गंभीर टर्बुलेन्स का शिकार हो गई, जिससे विमान की ऊंचाई में क्षणिक बदलाव आया। हालांकि, विमान सुरक्षित दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड कर गया।
दक्षिण पूर्व एशियाई देश थाईलैंड के फुकेट से नई दिल्ली आ रही एयर इंडिया की एक उड़ान (Flight) के दौरान बड़ा हादसा टल गया। उड़ान के दौरान अचानक गंभीर टर्बुलेन्स (खराब मौसम और हवा के झोंके) आने से विमान में हड़कंप मच गया। इस घटना में कई यात्रियों और क्रू मेंबर्स को मामूली चोटें आईं, जिन्हें सुरक्षित दिल्ली लैंडिंग के बाद तुरंत चिकित्सीय सहायता मुहैया कराई गई।


क्रूज फेज के दौरान आया अचानक झटका
एयरलाइन से मिली जानकारी के अनुसार, फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI2379 जब अपने क्रूज फेज में थी, तब उसे अचानक भयंकर टर्बुलेन्स का सामना करना पड़ा। हवा के इन तेज झटकों की वजह से विमान की ऊंचाई में क्षणिक बदलाव (Momentary change in altitude) भी दर्ज किया गया। इस दौरान विमान में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कुछ यात्री तथा क्रू मेंबर्स असंतुलित होकर घायल हो गए।

दिल्ली में सुरक्षित हुई लैंडिंग
हालांकि, पायलटों ने अपनी सूझबूझ और पेशेवर कौशल का परिचय देते हुए स्थिति को संभाला और विमान को नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतार लिया। एयर इंडिया ने पुष्टि की है कि विमान की सेफ लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित उतार लिया गया।

घायलों का मेडिकल असेसमेंट
टर्बुलेन्स के दौरान मामूली रूप से चोटिल हुए यात्रियों और क्रू मेंबर्स को एहतियात के तौर पर मेडिकल असेसमेंट (चिकित्सीय परीक्षण) के लिए ले जाया गया। एविएशन एक्सपर्ट्स के मुताबिक, मानसून या बदलते मौसम के दौरान इस तरह की मौसमी घटनाएं (टर्बुलेन्स) कई बार उच्च ऊंचाई पर अचानक सामने आ जाती हैं, जिससे विमानों को झटके लगते हैं। एयरलाइंस हमेशा यात्रियों से अपील करती हैं कि वे यात्रा के दौरान हमेशा अपनी सीट बेल्ट बांधकर रखें।
