Varanasi: यह अस्पताल करने जा रहा 26 निःशुल्क स्पाइन सर्जरी संग 7 लाइव सर्जरी, 3-4 अक्टूबर को लगेगी नेशनल कांफ्रेंस
वाराणसी ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन के तत्वावधान में पहली बार 7 लाइव स्पाइन सर्जरी का प्रसारण; देशभर से जुटेंगे 33 ख्यातिप्राप्त सर्जन
वाराणसी (भदैनी मिरर): काशी का एपेक्स हॉस्पिटल (Apex Hospital) उत्तर प्रदेश में सुपर स्पेशियेलिटी स्पाइन चिकित्सा और उच्च चिकित्सीय शिक्षा के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान रचने जा रहा है। अस्पताल के चेयरमैन एवं वरिष्ठ स्पाइन सर्जन प्रो. डॉ. एस. के. सिंह की अध्यक्षता में और स्पाइन सर्जन डॉ. स्वरूप पटेल व डॉ. अमन वर्मा के कुशल संचालन में 3 और 4 अक्टूबर 2026 को दो दिवसीय राष्ट्रीय एकेडेमिक कांफ्रेंस (National Academic Conference) का आयोजन किया जा रहा है।

उत्तर प्रदेश मेडिकल कौंसिल द्वारा प्रमाणित इस कांफ्रेंस का आयोजन 'वाराणसी ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन' के संयुक्त तत्वावधान में एपेक्स हॉस्पिटल के नवीन प्रेक्षागृह में होगा।
26 निःशुल्क सर्जरी और 7 लाइव स्पाइन सर्जरी का प्रदर्शन
कांफ्रेंस के तहत 26 मरीजों की निःशुल्क स्पाइन सर्जरी की जा रही है, जिनमें से 7 जटिल एवं आधुनिक सर्जरियों का लाइव प्रसारण (7 Live Spine Surgeries) किया जाएगा। इसके माध्यम से देशभर से आए डॉक्टरों और मेडिकल छात्रों को सर्जिकल तकनीकों का प्रत्यक्ष डिमॉन्स्ट्रेशन दिया जाएगा।
इस शैक्षणिक महाकुंभ में नई दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, हैदराबाद, ऋषिकेश, विशाखापटनम, गुरुग्राम, लखनऊ और प्रयागराज जैसे प्रमुख शहरों के लगभग 33 ख्यातिप्राप्त स्पाइन सर्जन बतौर फैकल्टी हिस्सा लेंगे। ये विशेषज्ञ व्याख्यान, केस प्रेजेंटेशन और हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग के जरिए सुरक्षित व सटीक स्पाइन सर्जरी की बारीकियां सिखाएंगे।
ग्लोबल स्टैंडर्ड पर हो रहा मरीजों का इलाज: डॉ. स्वरूप पटेल
वरिष्ठ स्पाइन सर्जन डॉ. स्वरूप पटेल ने बताया कि स्पाइन से जुड़ी समस्याएं छोटे बच्चों से लेकर 90-95 वर्ष तक के बुजुर्गों में हो सकती हैं। निःशुल्क सर्जरी के लिए चुने गए 26 मरीजों में बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी शामिल हैं।
उन्होंने बताया, "इन मरीजों में गर्दन की समस्या के कारण हाथ-पैर कमजोर होना, रीढ़ की हड्डी के चलते पैरों में साइटिका व झनझनाहट, रीढ़ की हड्डी में टीबी, और गंभीर स्लिप डिस्क जैसी बीमारियां शामिल हैं, जो दवाइयों या फिजियोथेरेपी से ठीक नहीं हो पा रही थीं। इन सभी का इलाज बिल्कुल आधुनिक और ग्लोबल स्टैंडर्ड (अन्तरराष्ट्रीय स्तर) की तकनीकों से किया जा रहा है। मरीज को जो गुणवत्ता अमेरिका में मिलती, वही इलाज यहाँ वाराणसी में उपलब्ध कराया जा रहा है।"
डॉ. पटेल ने आगे बताया कि मरीजों की स्क्रीनिंग और भर्ती की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। डेमोंस्ट्रेशन और ऑपरेशन का यह पूरा चरण लगभग एक सप्ताह तक चलेगा।
UP का एकमात्र मान्यता प्राप्त एडवांस्ड स्पाइन सेंटर
एपेक्स हॉस्पिटल के चेयरमैन प्रो. डॉ. एस. के. सिंह ने कहा कि पिछले 40 वर्षों की समर्पित चिकित्सीय सेवाओं के साथ एपेक्स अस्पताल उत्तर प्रदेश का उत्कृष्ट एडवांस्ड स्पाइन सेंटर बन चुका है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड (NBE) द्वारा मान्यता प्राप्त DNB ऑर्थोपेडिक और FNB स्पाइन सर्जरी व एर्थ्रोप्लास्टी में फेलोशिप के लिए एपेक्स उत्तर प्रदेश का एकमात्र चिकित्सीय शिक्षण संस्थान है, जहाँ NEET क्वालीफाई करके छात्र उच्च शिक्षा और ट्रेनिंग लेने आते हैं।
