
वाराणसी ने बनाया विश्वस्तरीय रिकॉर्ड: 24 घंटे में 1,02,446 महिलाओं की स्तन कैंसर जांच, इंडियन बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हुई उपलब्धि
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के नेतृत्व में चला मेगा कैंपेन, स्वास्थ्य विभाग और स्वयंसेवकों की सहभागिता से संभव हुआ यह ऐतिहासिक कार्य



वाराणसी। काशी ने एक बार फिर देशभर में अपनी अलग पहचान बनाई है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त प्रयास से 24 घंटे के भीतर 1,02,446 महिलाओं की स्तन कैंसर जांच पूरी कर एक अभूतपूर्व उपलब्धि हासिल की गई है। इस रिकॉर्ड को इंडियन बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने आधिकारिक मान्यता दी है।


यह अभियान 29 सितंबर 2025 को जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के मार्गदर्शन और मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल के नेतृत्व में चलाया गया था। इसकी जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संदीप चौधरी ने दी।
डॉ. चौधरी ने बताया कि यह पहल महिलाओं के स्वास्थ्य सुरक्षा और कैंसर जागरूकता की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। जिले के जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) और आरोग्य मंदिरों में 24 घंटे के भीतर यह विशाल जांच अभियान संपन्न हुआ।

उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल सरकारी मशीनरी की नहीं, बल्कि जिले की जनता की भी है। स्वास्थ्यकर्मियों, स्वयंसेवकों और सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी ने इसे संभव बनाया।
सीएमओ ने बताया कि इस अभियान के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जांच के बाद उन्हें स्तन कैंसर के लक्षणों और शुरुआती पहचान के तरीकों के बारे में भी जानकारी दी गई।

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने इस उपलब्धि को वाराणसी के स्वास्थ्य तंत्र की मजबूती का प्रमाण बताया और कहा कि “यह सिर्फ एक रिकॉर्ड नहीं, बल्कि महिलाओं के स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक ऐतिहासिक संदेश है।”
विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह के बड़े पैमाने पर आयोजित स्वास्थ्य अभियानों से न केवल बीमारियों की शुरुआती पहचान संभव होती है, बल्कि समाज में स्वास्थ्य जागरूकता का स्तर भी बढ़ता है।

