Movie prime
PMC_Hospital

Varanasi: IMS-BHU का वार्षिक दिवस समारोह 19 नवंबर को, दो दिवसीय स्वास्थ्य मेले का भी होगा आयोजन; IIT के भी लगेंगे स्टॉल 

BHU के IMS में 66वें स्थापना दिवस की तैयारियां जोरों पर, 18 और 19 नवंबर को लगेगा स्वास्थ्य मेला

Ad

 
WhatsApp Group Join Now

Ad

वाराणसी (भदैनी मिरर) :काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के प्रतिष्ठित चिकित्सा विज्ञान संस्थान (IMS-BHU) के 66वें वार्षिक दिवस समारोह को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। यह भव्य समारोह 19 नवंबर 2026 को दोपहर 3 बजे से विश्वविद्यालय के स्वतंत्रता भवन में आयोजित किया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम से पूर्व आम लोगों के स्वास्थ्य लाभ के लिए 18 और 19 नवंबर को दो दिवसीय स्वास्थ्य मेले का भी आयोजन किया जा रहा है।

Ad

दो दिवसीय स्वास्थ्य मेले का समय और स्थान

संस्थान के निदेशक प्रो. एस.एन. संखवार ने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि स्वास्थ्य मेले का आयोजन IMS के न्यू लेक्चर थिएटर और के.एन. उडुपा ऑडिटोरियम परिसर में होगा। 18 नवंबर को यह मेला सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा, जबकि 19 नवंबर को सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक मरीज और आम नागरिक इसका लाभ उठा सकेंगे।

दिग्गज शिक्षाविद और चिकित्सा विशेषज्ञ होंगे शामिल

स्वास्थ्य मेला के समन्वयक प्रोफेसर विजयनाथ मिश्रा ने बताया कि स्वास्थ्य मेले और वार्षिक दिवस समारोह दोनों में बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इसके अलावा विशिष्ट अतिथियों के रूप में चिकित्सा जगत की कई नामचीन हस्तियां मौजूद रहेंगी, जिनमें प्रो. एम.के. रमेश (चिकित्सा मूल्यांकन एवं रेटिंग बोर्ड, राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग), प्रो. संजय तिवारी (अध्यक्ष, राष्ट्रीय दंत आयोग), प्रो. हरि मोहन चंदोला (पूर्व निदेशक, चौधरी ब्रह्मप्रकाश आयुर्वेद चरक संस्थान, नई दिल्ली) और प्रो. संजय राय (AIIMS, नई दिल्ली)  शामिल होंगे। मुख्य समारोह की अध्यक्षता स्वयं संस्थान के निदेशक प्रो. एस.एन. संखवार करेंगे।

मेधावियों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों का होगा सम्मान 

कार्यक्रम के संयोजक प्रो. टी.पी. चतुर्वेदी, प्रो. बी. राम और प्रो. एस.के. भारतीय ने बताया कि समारोह के दौरान शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं और संकाय सदस्यों को पुरस्कृत किया जाएगा। साथ ही, संस्थान को अपनी लंबी सेवाएं देकर सेवानिवृत्त होने वाले 43 कर्मचारियों (6 फैकल्टी सदस्य और 37 गैर-शिक्षण कर्मचारी) को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त खेलकूद और साहित्यिक प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कार दिए जाएंगे और शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी।

शोध और अनुसंधान में IMS-BHU की बड़ी उपलब्धियां

वार्षिक रिपोर्ट के आंकड़ों पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि संस्थान ने बीते एक वर्ष में अनुसंधान के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। इस वर्ष 60 बाहरी अनुसंधान परियोजनाओं के लिए 97.7 करोड़ रुपये की भारी-भरकम अनुदान राशि स्वीकृत हुई है। साथ ही, संस्थान के शोधकर्ताओं ने 801 शोध पत्र प्रकाशित किए हैं। इस अवधि में 36 राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन, 41 आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किए गए और विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों व अस्पतालों के साथ पांच महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं।