Varanasi: BHU न्यूरोलॉजी विभाग में मिर्गी जागरूकता सप्ताह की शुरुआत, अंधविश्वास से दूर रहने की अपील
मिर्गी दिवस की पूर्व संध्या पर आईएमएस बीएचयू के न्यूरोलॉजी विभाग ने शुरु किया मिर्गी रोग जन जागरूकता सप्ताह, चिकित्सक और स्वयंसेवक स्कूलों, गंगा घाटों और मलिन बस्तियों में जाकर लोगों को करेंगे जागरूक
वाराणसी (भदैनी मिरर)। मिर्गी दिवस की पूर्व संध्या पर काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के आयुर्वेद विज्ञान संस्थान (IMS-BHU) स्थित न्यूरोलॉजी विभाग में सोमवार से मिर्गी रोग जन जागरूकता सप्ताह का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस विशेष अभियान के तहत अस्पताल की ओपीडी में आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को मिर्गी के लक्षणों, इससे बचाव के उपायों और इस बीमारी से जुड़े अंधविश्वासों से दूर रहने के लिए जागरूक किया गया।

अंधविश्वास से दूर रहने की अपील
कार्यक्रम के दौरान प्रो. विजयनाथ मिश्रा ने कहा कि समाज में आज भी मिर्गी को लेकर कई तरह की भ्रांतियां और अंधविश्वास फैले हुए हैं, जिन्हें दूर करना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि मिर्गी एसोसिएशन वाराणसी के चिकित्सक और वॉलिंटियर आने वाले दिनों में शहर के विभिन्न स्कूलों, गंगा घाटों, मलिन बस्तियों, गांवों और बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल में विशेष जागरूकता अभियान चलाएंगे। इस मुहिम में अंतरराष्ट्रीय घाटवॉक विश्वविद्यालय, जागृति फाउंडेशन, पुलिया प्रसंग और रविदास घाट पर गरीब बच्चों को शिक्षित करने वाली समाजसेवी रोली मिश्रा की संस्था समेत काशी की कई प्रमुख सामाजिक संस्थाएं सहयोग कर रही हैं।
इस अवसर पर न्यूरोलॉजी विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. अभिषेक पाठक, प्रो. आर.एन. चौरसिया और डॉ. वरुण उपस्थित रहे। विशेषज्ञों ने कहा कि सही समय पर जांच और नियमित इलाज से मिर्गी के मरीज पूरी तरह सामान्य जीवन जी सकते हैं, बशर्ते लोग झाड़-फूंक जैसे अंधविश्वासों के चक्कर में पड़ने के बजाय समय पर न्यूरोलॉजिस्ट से परामर्श लें।
