वाराणसी: एपेक्स हॉस्पिटल में 130 दिव्यांग बच्चों की फ्री स्क्रीनिंग, 24 का होगा निःशुल्क ऑपरेशन
पूर्वांचल समेत तीन राज्यों के बच्चों को मिला लाभ, अंतरराष्ट्रीय सर्जनों की टीम 22 से 28 अप्रैल तक करेगी मुफ्त सर्जरी
Apr 5, 2026, 21:50 IST
WhatsApp
Group
Join Now
वाराणसी। शहर के भदैनी स्थित एपेक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में जन्मजात विकृति और दिव्यांगता से ग्रस्त बच्चों के लिए आयोजित निःशुल्क प्री-स्क्रीनिंग शिविर में बड़ी संख्या में लाभार्थियों ने हिस्सा लिया। इस शिविर का आयोजन अस्पताल के निदेशक एवं वरिष्ठ ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. स्वरूप पटेल द्वारा ईश्वर केबीएच एनजीओ के सहयोग से किया गया।
शिविर में पूर्वांचल उत्तर प्रदेश के साथ-साथ बिहार और मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए कुल 130 बच्चों ने मुफ्त जांच सुविधा का लाभ उठाया। ये सभी बच्चे हाथ-पैर की जन्मजात समस्याओं, टेढ़े पैर और चलने-फिरने में कठिनाई जैसी गंभीर दिक्कतों से जूझ रहे थे।
प्री-स्क्रीनिंग के दौरान विशेषज्ञों की टीम ने बच्चों का गहन परीक्षण किया। ऑक्यूपेशनल थेरेपिस्ट डॉ. सौम्याश्री ने बच्चों को निःशुल्क व्यावहारिक फिजिकल एक्सरसाइज की जानकारी दी, जिससे उनके दैनिक जीवन में सुधार हो सके। वहीं एंडोलाइट से जुड़े कमलेश भारती ने 62 बच्चों के लिए कृत्रिम अंग (प्रॉस्थेसिस) और फिटमेंट हेतु माप लिया।


स्क्रीनिंग के आधार पर 24 बच्चों को सर्जरी के लिए चयनित किया गया है। इन बच्चों का निःशुल्क ऑपरेशन 22 से 28 अप्रैल के बीच किया जाएगा। इस दौरान उन्हें जरूरत के अनुसार कृत्रिम अंग और कैलिपर भी मुफ्त उपलब्ध कराए जाएंगे।
खास बात यह है कि इस सर्जरी शिविर में अंतरराष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञ डॉक्टर भी शामिल होंगे। एपेक्स हॉस्पिटल के डॉ. स्वरूप पटेल के साथ ऑस्ट्रिया के डॉ. अर्नस्ट ऑरथनर और जर्मनी के डॉ. थॉर्स्टन संयुक्त रूप से इन जटिल सर्जरी को अंजाम देंगे।

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार इस तरह के शिविर का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि वे भी सामान्य जीवन जी सकें।
