
प्याज नहीं, ये 7 सुपरफूड्स भी बचाते हैं लू से, गर्मियों में जरूर इन्हें डाइट में करें शामिल




Food For Heat Stroke : गर्मियों ने दस्तक दे दी है और तापमान लगातार चढ़ता जा रहा है। कई जगहों पर तो पारा 50 डिग्री के पार भी पहुंचने लगा है। मौसम विभाग ने हीटवेव का अलर्ट जारी किया है, जिससे लू लगने का खतरा और बढ़ गया है। लू लगने पर सिर दर्द, चक्कर, उल्टी, कमजोरी और यहां तक कि बेहोशी भी हो सकती है। ऐसे में सेहत का ख्याल रखना बेहद जरूरी हो जाता है, खासकर खाने-पीने की चीज़ों को लेकर।

लोगों का मानना है कि प्याज लू से बचाता है, इसीलिए कई लोग इसे जेब में भी रखते हैं। लेकिन सिर्फ प्याज ही नहीं, कुछ और देसी उपाय हैं जो गर्मी में शरीर को ठंडक देने और लू से बचाने में कारगर हैं। आइए जानते हैं ऐसे 7 घरेलू नुस्खे जो आपको गर्मी में राहत पहुंचाएंगे—


1. आम पना – देसी हाइड्रेशन ड्रिंक
कच्चे आम से बनने वाला आम पना न सिर्फ स्वाद में बेहतरीन होता है बल्कि शरीर को ठंडक भी देता है। यह शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी को पूरा करता है और हाइड्रेटेड बनाए रखता है। गर्मी में इसे नियमित पीने से लू लगने का खतरा कम हो जाता है।
2. सत्तू – ऊर्जा और ठंडक का बेहतरीन स्रोत
सत्तू की तासीर ठंडी होती है। एक गिलास ठंडे पानी में सत्तू, नींबू रस और काला नमक मिलाकर पीने से शरीर को इंस्टेंट एनर्जी मिलती है। यह पेट को भी ठंडक देता है और गर्मी से होने वाली थकान व डिहाइड्रेशन से बचाता है।

3. छाछ – पाचन भी दुरुस्त, शरीर भी ठंडा
छाछ का सेवन गर्मियों में बेहद फायदेमंद होता है। इसमें काला नमक और भुना जीरा मिलाकर पीने से पाचन सुधारता है और शरीर को अंदर से ठंडा रखता है। यह लू से बचाने में भी मददगार है।
4. खीरा और ककड़ी – पानी से भरपूर ठंडी सब्जियां
इनमें करीब 95% पानी होता है, जिससे ये शरीर को ठंडा रखने में मदद करती हैं। इन्हें सलाद या रायते के रूप में शामिल किया जा सकता है। गर्मियों में रोजाना इनका सेवन तापमान को संतुलित बनाए रखता है।
5. गुलकंद – गुलाब की ठंडी मिठास
गुलाब की पंखुड़ियों से बना गुलकंद शरीर की गर्मी को कम करता है। इसे सुबह दूध के साथ या सीधे एक चम्मच खाया जा सकता है। यह लू से बचाव के लिए असरदार माना जाता है।
6. बेल का शरबत – आयुर्वेदिक ठंडक
बेल फल का शरबत न केवल पेट को ठंडा रखता है बल्कि शरीर की गर्मी को भी कम करता है। यह गर्मियों में थकान और लू से बचाने का एक पारंपरिक उपाय है।
7. तरबूज – पानी से भरपूर फलों का राजा
गर्मी में तरबूज सबसे पसंदीदा फल होता है। यह न केवल शरीर में पानी की मात्रा बनाए रखता है बल्कि इलेक्ट्रोलाइट्स की पूर्ति भी करता है। इसका सेवन लू से बचाव में भी कारगर है।

