'वेलकम टू द जंगल' का ट्रेलर रिलीज: 30 से ज्यादा किरदारों का हाई-वोल्टेज ड्रामा, ट्रेलर लॉन्च पर रवीना को लेकर बोले अक्षय— "पहले हीरोइन थी, अब..."
अतीत को लेकर खुलकर बोल चुकी हैं रवीना
मनोरंजन डेस्क (भदैनी मिरर): बॉलीवुड की सबसे पॉपुलर कॉमेडी फ्रेंचाइजी 'वेलकम' का तीसरा पार्ट तहलका मचाने के लिए पूरी तरह तैयार है। अक्षय कुमार की मुख्य भूमिका वाली फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' (Welcome to the Jungle) का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर गुरुवार को आधिकारिक तौर पर रिलीज कर दिया गया है। फिल्म के प्रोड्यूसर फिरोज नाडियाडवाला और निर्देशक अहमद खान इस बार दर्शकों के लिए स्लैपस्टिक कॉमेडी, उड़ती गाड़ियां, एरियल स्टंट्स और 30 से ज्यादा बड़े कलाकारों का एक ऐसा 'क्रेजी कॉम्बो' लेकर आए हैं, जिसे देखकर फैंस की उत्सुकता सातवें आसमान पर पहुंच गई है।


क्या है ट्रेलर की कहानी?
ट्रेलर की शुरुआत होती है एक बड़े बजट की फिल्म की शूटिंग से, जिसके लिए अक्षय कुमार, परेश रावल, दिशा पाटनी, जैकलिन फर्नांडीज, लारा दत्ता, राजपाल यादव और तुषार कपूर समेत कई सितारे एक घने जंगल में पहुंचते हैं। लेकिन इस जंगल में कदम रखते ही उनका सामना अजीबोगरीब और बेहद मजेदार मुसीबतों से होता है। फिल्म में वन-लाइनर्स की ऐसी बौछार है जो दर्शकों को हंसने पर मजबूर कर देगी।

ट्रेलर लॉन्च पर छाया अक्षय कुमार का बयान: "अब हीरोइन की मां है"
मुंबई में आयोजित फिल्म के भव्य ट्रेलर लॉन्च इवेंट में मुख्य आकर्षण अक्षय कुमार का अपनी दशकों पुरानी को-स्टार रवीना टंडन को लेकर दिया गया बयान रहा। दरअसल, रवीना टंडन इस इवेंट में शामिल नहीं हो पाई थीं क्योंकि वह इस समय लंदन में हैं।
जब पत्रकारों ने अक्षय कुमार से पूछा कि पिछले कुछ वर्षों में रवीना में क्या बदलाव आए हैं, तो खिलाड़ी कुमार ने पहले मजाक में कहा कि अरशद वारसी कह रहे हैं 'बैड बिहेवियर'। इसके बाद उन्होंने रवीना की तारीफ करते हुए कहा:

"मजाक से हटकर, वह इंडस्ट्री की सबसे प्रोफेशनल अभिनेत्रियों में से एक हैं। मुझे आज भी याद है कि एक फिल्म की शूटिंग के दौरान सूरज डूबने वाला था और ग्रीन रूम बहुत दूर था। रवीना को तुरंत कपड़े बदलने थे, जो नामुमकिन लग रहा था। लेकिन उन्होंने बिना नखरे किए जनरेटर वैन में जाकर कपड़े बदले और शॉट के लिए आ गईं। वह एक बेहतरीन कलाकार हैं।"
इसके तुरंत बाद अक्षय ने हंसते हुए एक ऐसा वन-लाइनर मारा जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। अक्षय ने कहा, "बस बदलाव इतना आया है कि पहले वह सिर्फ हीरोइन थी, अब हीरोइन की मां हैं।" (बता दें कि रवीना की बेटी राशा थडानी ने पिछले साल ही फिल्म 'आजाद' से बॉलीवुड में डेब्यू किया है)।
अतीत को लेकर खुलकर बोल चुकी हैं रवीना
अक्षय और रवीना का नाम 90 के दशक में काफी चर्चा में रहा था और दोनों की सगाई की खबरें भी आई थीं। कुछ समय पहले एक इंटरव्यू में रवीना ने इस पर खुलकर बात करते हुए कहा था:
"हमारा ब्रेकअप हुए 25-30 साल हो चुके हैं। हर कोई अपनी जिंदगी में आगे बढ़ चुका है। लोग तलाक लेकर नई शुरुआत करते हैं, तो 90 के दशक की एक टूटी हुई सगाई को लेकर लोग आज भी क्यों अटके हुए हैं, यह मेरी समझ से बाहर है।"
रवेना ने ट्रेलर लॉन्च से पहले फिल्म की पूरी टीम को बधाई देते हुए सोशल मीडिया पर फिल्म 'मोहरा' (1994) के दिनों की एक थ्रोबैक तस्वीर भी शेयर की।
30+ सितारों की महा-सेना (Cast & Credits)
'वेलकम टू द जंगल' में बॉलीवुड के इतिहास की सबसे बड़ी स्टार कास्ट में से एक नजर आने वाली है। फिल्म में अक्षय कुमार के साथ सुनील शेट्टी, जैकी श्रॉफ, रवीना टंडन, दिशा पाटनी, जैकलिन फर्नांडीज, अरशद वारसी, परेश रावल, जॉनी लीवर, राजपाल यादव, आफताब शिवदासानी, लारा दत्ता, श्रेयस तलपड़े, तुषार कपूर, दलेर मेहंदी, फरीदा जलाल, कृष्णा अभिषेक, कीकू शारदा, किरण कुमार, मुकेश तिवारी, यशपाल शर्मा, विंदू दारा सिंह और दिवंगत पंकज धीर जैसे 30 से ज्यादा दिग्गज कलाकार धमाल मचाते हुए दिखाई देंगे।
