मुंबई में रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग, इलाके में मचा हड़कंप, सलमान-कपिल समेत कई सेलेब्स पहले भी बन चुके हैं निशाना
मुंबई में रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग, इलाके में मचा हड़कंप, सलमान-कपिल समेत कई सेलेब्स पहले भी बन चुके हैं निशाना
जुहू स्थित आवास के बाहर देर रात चार राउंड फायरिंग, पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की, हमलावरों का मकसद अब तक अज्ञात
मुंबई। बॉलीवुड के मशहूर निर्देशक रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित घर के बाहर फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है। Rohit Shetty House Firing मामले में शनिवार देर रात करीब 3 बजे अज्ञात हमलावरों ने चार राउंड फायरिंग की, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को सुरक्षित कर लिया गया। रोहित शेट्टी का घर मुंबई के पॉश इलाके जुहू में स्थित है, जहां कई नामी बॉलीवुड कलाकार और हस्तियां रहती हैं।


घर के बाहर बढ़ाई गई सुरक्षा
पुलिस के अनुसार, फायरिंग के तुरंत बाद आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हमलावरों की पहचान नहीं हो पाई है। हमले की जिम्मेदारी किसी संगठन या गैंग ने नहीं ली है।
एहतियातन रोहित शेट्टी के घर के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

हमले के पीछे क्या मकसद?
फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह धमकी देने की कोशिश थी या किसी आपराधिक गिरोह की साजिश या फिर किसी व्यक्तिगत रंजिश का मामला। जुहू जैसे हाई-सिक्योरिटी इलाके में इस तरह की फायरिंग ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है।
कौन हैं रोहित शेट्टी?

रोहित शेट्टी बॉलीवुड के सबसे सफल और चर्चित निर्देशकों में गिने जाते हैं। उनका जन्म 14 मार्च 1974, मुंबई में हुआ। उनके पिता मुद्दू बाबू शेट्टी स्टंट डायरेक्टर है। रोहित खुद निर्देशक, पटकथा लेखक और निर्माता है। वे एक्शन, कॉमेडी और मसाला फिल्मों के लिए जाने जाते हैं।
रोहित शेट्टी का करियर
रोहित शेट्टी ने 2003 में फिल्म ‘जमीन’ से निर्देशन में डेब्यू किया। ‘गोलमाल’ और ‘सिंघम’ फ्रेंचाइजी से जबरदस्त पहचान बनाई। ‘बोल बच्चन’, ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ जैसी हिट फिल्में दीं। फिल्म चेन्नई एक्सप्रेस के लिए उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड में नामांकन भी मिला था।
इन सेलेब्स के घर भी हो चुकी है फायरिंग
- कपिल शर्मा
कनाडा स्थित Caps Cafe पर 10 जुलाई 2025, 7 अगस्त 2025 और अक्टूबर 2025 को तीन बार फायरिंग हुई। जिम्मेदारी बिश्नोई गैंग ने ली थी।
- दिशा पाटनी
12 सितंबर 2025 को बरेली स्थित घर के बाहर फायरिंग। इस फायरिंग की जिम्मेदारी भी बिश्नोई गैंग ने ली। फायरिंग करने वाले दोनों आरोपी एनकाउंटर में ढेर भी हुए।
- सलमान खान
14 अप्रैल 2024 को मुंबई स्थित घर के बाहर फायरिंग। सलमान के घर फायरिंग की जिम्मेदारी भी बिश्नोई गैंग ने ली। दो आरोपी गिरफ्तार, बाद में जमानत पर रिहा हो गए।
- एपी ढिल्लों
सितंबर 2024 में कनाडा स्थित घर के बाहर फायरिंग। इस घटना की जिम्मेदारी भी रोहित गोडारा (बिश्नोई गैंग) ने ली।
- एल्विश यादव
17 अगस्त 2025 को गुरुग्राम स्थित घर पर फायरिंग। एक आरोपी गिरफ्तार हुआ। जिम्मेदारी किसी ने नहीं ली।
सेलेब्स की सुरक्षा पर सवाल
लगातार हो रही इन घटनाओं ने बॉलीवुड और सोशल मीडिया सेलेब्स की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रोहित शेट्टी के घर फायरिंग की घटना ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
