रैपर बादशाह को लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने दी धमकी, लिखा– “अगली बार माथे पर गोली मारेंगे”
हालिया गाने को लेकर विवाद के बीच धमकी भरा पोस्ट वायरल, पुलिस जांच में जुटी; रैपर Badshah ने पहले ही गाने को लेकर मांगी माफी
भारतीय रैपर और सिंगर Badshah को कथित तौर पर गैंगस्टर Lawrence Bishnoi गैंग की ओर से जान से मारने की धमकी मिलने की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि यह धमकी सोशल मीडिया पोस्ट और फोन कॉल के जरिए दी गई है, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुट गई हैं।


सोशल मीडिया पोस्ट हुआ वायरल
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक फेसबुक पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है। यह पोस्ट ‘रंदीप मलिक अनिल पंडित’ नाम के अकाउंट से किया गया बताया जा रहा है, जिसमें दावा किया गया है कि वह बिश्नोई गैंग से जुड़ा है।
इस पोस्ट में सिंगर को धमकी देते हुए लिखा गया है कि “पिछली बार क्लब में सिर्फ ट्रेलर दिखाया था, अगली बार सीधे माथे पर गोली मारेंगे।”

हरियाणा गाने को लेकर बढ़ा विवाद
बताया जा रहा है कि यह विवाद बादशाह के हाल ही में रिलीज हुए हरियाणवी गाने को लेकर शुरू हुआ। गाने के कुछ लिरिक्स को लेकर आरोप लगाया गया कि उनमें महिलाओं के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया है, जिसके बाद सोशल मीडिया पर विरोध तेज हो गया।
विवाद बढ़ने के बाद गाने को कई प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया है और इस मामले में हरियाणा में कानूनी कार्रवाई भी शुरू होने की बात सामने आई है।

बादशाह ने मांगी माफी
विवाद के बाद Badshah ने सोशल मीडिया पर सफाई देते हुए माफी भी मांगी। उन्होंने कहा कि यदि उनके गाने से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो उन्हें इसका दुख है। उन्होंने लोगों से अपील की कि उन्हें “हरियाणा का बेटा समझकर माफ कर दें।”
पुलिस और एजेंसियां कर रहीं जांच
धमकी मिलने की खबर सामने आने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि वायरल पोस्ट और कॉल की सत्यता की जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि संदेश वास्तव में Lawrence Bishnoi गैंग से जुड़ा है या नहीं।
फिलहाल इस मामले में सिंगर की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।
