3 दिसंबर को रिलीज होगी 'पंचायत सीजन 5', रघुबीर यादव को मिला मौका तो निभाना चाहेंगे मंजू देवी का रोल
प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी फुलेरा गांव की नई कहानी, नीना गुप्ता और रघुबीर यादव को पसंद आया बनराकस का यह डायलॉग, निर्देशक दीपक कुमार मिश्रा ने भी साझा किए अनुभव
भदैनी मिरर मनोरंजन डेस्क: लोकप्रिय वेब सीरीज 'पंचायत' के पांचवें सीजन का इंतजार कर रहे दर्शकों के लिए बड़ी अपडेट है। 'पंचायत सीजन 5' आगामी 3 दिसंबर 2026 को प्राइम वीडियो पर रिलीज होने जा रही है। इसका ट्रेलर पहले ही सामने आ चुका है, जिसमें फुलेरा गांव में बदले सत्ता समीकरण और नए नियमों की झलक देखने को मिली है। सीरीज की रिलीज से पहले मंजू देवी (नीना गुप्ता), प्रधानजी (रघुबीर यादव) और निर्देशक दीपक कुमार मिश्रा ने अपने पसंदीदा डायलॉग, किरदारों और शूटिंग के अनुभवों को लेकर कई मजेदार बातें साझा की हैं।

रघुबीर यादव और नीना गुप्ता को भाया बनराकस का डायलॉग
बातचीत के दौरान जब रघुबीर यादव से पूछा गया कि यदि उन्हें सीरीज में किसी और का कोई मशहूर डायलॉग चुनना हो, तो वे किसे चुनेंगे? इस पर उन्होंने बिना देर किए 'देख रहा है बिनोद' डायलॉग का नाम लिया। यह चर्चित संवाद सीरीज में बनराकस उर्फ भूषण (दुर्गेश कुमार) के किरदार से जुड़ा है।
वहीं, नीना गुप्ता से जब उनका फेवरेट डायलॉग पूछा गया तो उन्होंने तुरंत 'चलिए खेलिए मीटिंग-मीटिंग' कहा, जो बनराकस का ही डायलॉग है। इस बीच निर्देशक दीपक कुमार मिश्रा ने कहा कि उनके लिए सभी डायलॉग खास हैं, जिस पर रघुबीर यादव ने चुटकी लेते हुए कहा कि दीपक का पसंदीदा डायलॉग तो 'कट' है।
शूटिंग वाले गांव की खासियत पर क्या बोले सितारे?
सीरीज की शूटिंग मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के महोडिया गांव में की गई है। इतने वर्षों तक वहां शूटिंग करने के अनुभव पर रघुबीर यादव ने कहा कि वहां की अपनापन भरी भावना और इंसानियत सबसे खूबसूरत है, जिससे ऐसा लगता है जैसे वे अपने ही घर और अपने लोगों के बीच हैं। नीना गुप्ता ने भी उनकी इस बात से सहमति जताई।
निर्देशक दीपक कुमार मिश्रा ने गांव की शांति का जिक्र करते हुए कहा कि यदि शोर-शराबा और तामझाम न हो, तो शाम करीब पांच-साढ़े पांच बजे पानी की टंकी के पीछे सूर्यास्त के समय एक कुर्सी लेकर बैठने पर जो सुकून और शांति मिलती है, वह दुनिया में कहीं और नहीं मिल सकती।
मौका मिले तो कौन सा किरदार निभाना चाहेंगे कलाकार?
स्क्रिप्ट में बदलाव की छूट मिलने पर दूसरा किरदार निभाने के सवाल पर रघुबीर यादव ने कहा कि वे 'मंजू देवी' का रोल निभाना चाहेंगे। दूसरी ओर, नीना गुप्ता ने बताया कि मंजू देवी के अलावा उन्हें 'सचिव जी' का किरदार निभाना पसंद होगा।
वहीं, जब निर्देशक दीपक कुमार मिश्रा से पूछा गया कि क्या वे किसी किरदार को बदलना चाहेंगे, तो उन्होंने साफ कहा कि वे कास्टिंग के समय ही पूरी तरह आश्वस्त हो जाते हैं। उनके मुताबिक, जो कलाकार जिस भूमिका में है, वही परफेक्ट है और किसी भी किरदार को स्विच करने की जरूरत नहीं है।
