Nani’s The Paradise Teaser: नानी की फिल्म 'द पैराडाइज' का खूंखार टीजर जारी
'दशरा' के बाद निर्देशक श्रीकांत ओडेला के साथ नानी का फिर दिखा तगड़ा एक्शन; 24 सितंबर को 8 भाषाओं में सिनेमाघरों में दस्तक देगी फिल्म।
मनोरंजन (भदैनी मिरर डेस्क): साउथ सिनेमा के 'नेचुरल स्टार' नानी की मच-अवेेटेड फिल्म 'द पैराडाइज' (The Paradise) का पहला टीजर आखिरकार रिलीज हो गया है। एक्शन और सस्पेंस से भरपूर इस टीजर ने रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। ब्लॉकबस्टर फिल्म 'दशरा' (Dasara) की अपार सफलता के बाद अभिनेता नानी और निर्देशक श्रीकांत ओडेला की जोड़ी एक बार फिर इस फिल्म के जरिए बड़े पर्दे पर वापसी कर रही है।


स्लम की डार्क दुनिया और नानी का खूंखार अवतार
टीजर में एक देह व्यापार करने वाली महिला (वेश्या) के बेटे के संघर्ष, प्रतिशोध और अस्तित्व की लड़ाई को बेहद संजीदगी और आक्रामकता के साथ दिखाया गया है। नानी एक बिल्कुल नए, रफ-एंड-टफ और खूंखार लुक में नजर आ रहे हैं। उनके साथ राघव जुयाल फिल्म में मुख्य खलनायक (Antagonist) की भूमिका में हैं, जिनका खौफनाक अंदाज टीजर में खासा ध्यान खींचता है। अनिरुद्ध के बैकग्राउंड स्कोर और सिनेमैटोग्राफी ने हर फ्रेम को बेहद भव्य और जीवंत बना दिया है।

'आया शेर' गाने ने रचा इतिहास
टीजर से पहले ही फिल्म के गाने 'आया शेर' (Aaya Sher) ने यूट्यूब पर धमाल मचा रखा है। इस ट्रैक ने 200 मिलियन (20 करोड़) से ज्यादा व्यूज और 1.8 मिलियन से अधिक लाइक्स हासिल कर लिए हैं। सोशल मीडिया पर फैंस नानी के सिग्नेचर डांस स्टेप्स और लुक को रीक्रिएट कर रहे हैं, जिससे फिल्म को लेकर दर्शकों का उत्साह चरम पर है।

8 भाषाओं में 24 सितंबर 2026 को होगी ग्लोबल रिलीज
श्रीकांत ओडेला के निर्देशन में बनी यह पैन-इंडिया एक्शन-ड्रामा फिल्म 24 सितंबर 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। मेकर्स ने पुष्टि की है कि फिल्म को तेलुगु, तमिल, हिंदी, कन्नड़, मलयालम, बंगाली, अंग्रेजी और स्पेनिश समेत कुल 8 भाषाओं में बड़े पैमाने पर रिलीज करने की तैयारी है।
