वाराणसी: एपेक्स पैरामेडिकल के 9वें बैच को जूनियर्स ने दी भावभीनी विदाई, 'बॉन वॉयएज' में सिर सजा मिस्टर व मिस फेयरवेल का ताज
एपेक्स एलाइड हेल्थकेयर इंस्टीट्यूट में विदाई समारोह का आयोजन; नए सत्र से शुरू हो रहे इंटीग्रेटेड रेडियोलॉजी कोर्स और इंटर्नशिप मॉडल की सराहना।
वाराणसी स्थित एपेक्स एलाइड हेल्थकेयर इंस्टीट्यूट में शैक्षिक सत्र 2024-26 के पैरामेडिकल छात्रों के लिए विदाई समारोह 'बॉन वॉयएज' का भव्य आयोजन किया गया। संस्थान के नवें (9th) बैच को उनके जूनियर्स द्वारा भावभीनी विदाई दी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. श्रेया शाह, एपेक्स की निदेशिका डॉ. अंकिता पटेल, वरिष्ठ सर्जन प्रो. डॉ. आनंद कुमार, ओंको रिहैब विशेषज्ञ डॉ. दिब्येन्दु रॉय, हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेटर वैभव श्रीवास्तव, प्रधानाचार्य डॉ. अवनीश सिंह और प्रो. डॉ. आर जान्सी रानी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।


सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
समारोह की शुरुआत जूनियर्स द्वारा मनमोहक 'शिव नृत्य वंदना' से हुई। इसके बाद छात्रों ने सोलो एवं ग्रुप डांस, सुरीले गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां देकर माहौल को खुशनुमा बना दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी 10 पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों से चयनित मेधावी छात्रों को 'मिस्टर एंड मिस फेयरवेल' के खिताब से सम्मानित किया गया।

इंटीग्रेटेड रेडियोलॉजी कोर्स और 6 महीने की इंटर्नशिप लाभकारी
एपेक्स के चेयरमैन प्रो. डॉ. एस.के. सिंह ने अंतिम वर्ष के छात्रों के अनुशासित प्रशिक्षण की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने जानकारी दी कि शैक्षिक सत्र 2026-27 से एलाइड हेल्थकेयर में एक बड़ा बदलाव किया जा रहा है। अब एमआरआई (MRI), सीटी (CT) और एक्सरे (X-Ray) को मिलाकर एक एकीकृत 'मेडिकल रेडियोलॉजी' पाठ्यक्रम शुरू किया गया है। इसके अलावा 2 साल की पढ़ाई के बाद 6 महीने की व्यावहारिक इंटर्नशिप को छात्रों के प्रोफेशनल करियर और प्रैक्टिकल अनुभव के लिए बेहद फायदेमंद बताया गया।


इस दौरान मेडिकल रेडियोलॉजी, कार्डियोलॉजी, रेडियोथेरेपी, इमरजेंसी ट्रॉमा, डायलिसिस, क्रिटिकल केयर एनेस्थेसिया, ओटी एवं डीएमएलटी (DMLT) विभाग के शिक्षक और भारी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
