UGC-NET 2026 री-एग्जाम: अंग्रेजी, कॉमर्स और सोशियोलॉजी की परीक्षा रद्द, सितंबर में होगी दोबारा; जानें नई तारीखें
पेपर में टाइपिंग, अनुवाद और प्रश्नों के दोहराव जैसी गंभीर गड़बड़ियों के बाद NTA का बड़ा फैसला
नई दिल्ली (भदैनी मिरर): नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने UGC-NET जून 2026 परीक्षा को लेकर एक बड़ा और महत्वपूर्ण अपडेट जारी किया है। प्रोविजनल आंसर की जारी करने के तुरंत बाद NTA ने एक आधिकारिक नोटिस के जरिए जानकारी दी कि अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र (Sociology) विषयों की परीक्षा को रद्द कर दोबारा कराने का फैसला लिया गया है।


जांच समिति द्वारा प्रश्नपत्रों में कई प्रकार की गंभीर खामियां पाए जाने के बाद यह निर्णय लिया गया। NTA ने स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों ने इन विषयों की परीक्षा दी थी, उनसे दोबारा परीक्षा के लिए कोई अतिरिक्त शुल्क (Re-test Fee) नहीं लिया जाएगा।
पेपर रद्द करने के पीछे की मुख्य वजहें

विशेषज्ञ समिति की जांच रिपोर्ट में तीनों विषयों के प्रश्नपत्रों में कई स्तरों पर गड़बड़ियां उजागर हुईं:
-
तथ्यात्मक और स्पेलिंग की गलतियां: प्रसिद्ध विद्वानों के नाम और किताबों के शीर्षक गलत या अधूरे छापे गए थे।
-
भाषा और व्याकरण संबंधी त्रुटियां: प्रश्नों के अनुवाद, लिंग, वचन और विराम चिह्नों में भारी चूक पाई गई।
-
सवालों का दोहराव: कई प्रश्न पिछली परीक्षाओं से हूबहू कॉपी-पेस्ट किए गए थे।
NTA के अनुसार, खामियां इस स्तर की थीं कि केवल आंसर-की चैलेंज प्रक्रिया के माध्यम से कुछ प्रश्नों को हटाकर परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखना संभव नहीं था।


री-एग्जाम का पूरा टाइमटेबल
NTA ने तीनों विषयों के लिए सितंबर महीने में नई तारीखों और शिफ्टों का ऐलान कर दिया है:
-
अंग्रेजी (English): 9 सितंबर 2026 (शिफ्ट 1: सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक)
-
कॉमर्स (Commerce): 9 सितंबर 2026 (शिफ्ट 2: दोपहर 3:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक)
-
समाजशास्त्र (Sociology): 10 सितंबर 2026 (शिफ्ट 1: सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक)
एजेंसी ने बताया कि अभ्यर्थियों के लिए एग्जाम सिटी स्लिप, परीक्षा केंद्र का विवरण और नया एडमिट कार्ड जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर अलग से जारी किया जाएगा।
