आचार्य पंडित सीताराम चतुर्वेदी की 119वीं जयंती पर तीन दिवसीय समारोह, 25 से 27 जनवरी तक होंगे विविध आयोजन
भारतीय ज्ञान प्रणाली पर संगोष्ठी और प्रदर्शनी, बीएचयू कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी होंगे मुख्य अतिथि
वाराणसी, भदैनी मिरर। आचार्य सीताराम चतुर्वेदी महिला महाविद्यालय, डोमरी, रामनगर, वाराणसी में बाल शिक्षा मंडल काशी के संस्थापक आचार्य पंडित सीताराम चतुर्वेदी जी की 119वीं जयंती के अवसर पर तीन दिवसीय समारोह का आयोजन 25, 26 एवं 27 जनवरी 2026 को किया जाएगा।


इस आशय की जानकारी महाविद्यालय की निदेशक प्रो. कल्पलता पाण्डेय ने गुरुवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि समारोह के पहले दिन यानी 25 जनवरी 2026 को एक एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित की जाएगी, जिसका विषय होगा — “भारतीय ज्ञान प्रणाली एवं आचार्य पंडित सीताराम चतुर्वेदी”।

संगोष्ठी के पश्चात भारतीय ज्ञान प्रणाली पर आधारित प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. पृथ्वीश नाग, पूर्व कुलपति, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी उपस्थित रहेंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रो. चितरंजन ज्योतिषी, पूर्व कुलपति, राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं मंच कला विश्वविद्यालय, ग्वालियर तथा सारस्वत अतिथि के रूप में प्रो. सदाशिव कुमार द्विवेदी, अध्यक्ष – संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय, काशी हिंदू विश्वविद्यालय सहभाग करेंगे।

कार्यक्रम की श्रृंखला के अंतर्गत 27 जनवरी 2026 को आयोजित जन्म जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी, कुलपति, काशी हिंदू विश्वविद्यालय, वाराणसी मौजूद रहेंगे। जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रो. मनोज कुमार मिश्र, अध्यक्ष – वेद विभाग, केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, प्रयागराज की उपस्थिति रहेगी।
पत्रकार वार्ता के दौरान अपूर्वा पाण्डेय, डॉ. अरुण कुमार दुबे सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
