Movie prime
PMC_Hospital

Job Fair: काशी में लगेगा रोजगार का महाकुंभ! 13-14 नवंबर को 32 कंपनियां देंगी नौकरी, ₹35,000 तक मिलेगा वेतन

एक्सिस बैंक, फ्लिपकार्ट, ब्लिंकिट समेत दिग्गज कंपनियां करेंगी भर्ती; हाईस्कूल से लेकर डिग्री/डिप्लोमा धारकों के लिए मौका

Ad

 
WhatsApp Group Join Now

Ad

Ad

वाराणसी (भदैनी मिरर): धर्मनगरी काशी के युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर सामने आया है। वाराणसी में 13 और 14 नवंबर को दो दिवसीय 'वृहद रोजगार मेला' आयोजित किया जा रहा है। इस रोजगार मेले में देश की करीब 32 नामचीन कंपनियां हिस्सा लेंगी, जो योग्य अभ्यर्थियों को उनकी शैक्षणिक योग्यता के आधार पर 12,000 रुपये से लेकर 35,000 रुपये प्रति माह तक के वेतन पर नौकरी के अवसर प्रदान करेंगी।

Ad
Ad

दो अलग-अलग स्थानों पर लगेगा रोजगार मेला

क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, मेले का आयोजन दो अलग-अलग ब्लॉकों में किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक युवा इसमें शामिल हो सकें:

  1. पहला मेला (13 नवंबर): मिर्जामुराद स्थित 'जनता इंटर कॉलेज, खोचवां' में आयोजित होगा।

  2. दूसरा मेला (14 नवंबर): चोलापुर स्थित 'आदर्श राष्ट्रीय विद्यालय इंटर कॉलेज' में लगेगा।

इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने समस्त शैक्षणिक प्रमाण पत्रों और बायोडाटा (Resume) के साथ सुबह 10 बजे मेले के स्थल पर पहुंचना होगा।

ये प्रमुख कंपनियां करेंगी सीधी भर्ती

क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के रोजगार मेला प्रभारी दीप सिंह ने बताया कि इस वृहद मेले में बैंकिंग, लॉजिस्टिक्स, मैन्युफैक्चरिंग और कॉरपोरेट सेक्टर की 32 कंपनियां शामिल होंगी। मुख्य कंपनियों में:

  • बैंकिंग एवं फाइनेंस: एक्सिस बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक।

  • ई-कॉमर्स एवं लॉजिस्टिक्स: फ्लिपकार्ट, ब्लिंकिट।

  • कॉरपोरेट एवं मैन्युफैक्चरिंग: विकास ग्रुप, सिपेट (CIPET), लतारा कॉरपोरेट, डिक्सन, मदरसन, ओजोन कॉर्प्स प्राइवेट लिमिटेड, और मार्स कॉस्मेटिक प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं।

योग्यता और आयु सीमा

इस मेले में हाईस्कूल (10th), इंटरमीडिएट (12th), स्नातक (UG), स्नातकोत्तर (PG), आईटीआई (ITI) और डिप्लोमा पास अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। अभ्यर्थियों की योग्यता और पद की आवश्यकता के अनुसार कंपनियां ऑन-द-स्पॉट चयन प्रक्रिया पूरी करेंगी।

पिछले मेले में 2,792 युवाओं को मिला था जॉब ऑफर

काशी में सेवायोजन विभाग की ओर से युवाओं को रोजगार से जोड़ने का अभियान लगातार जारी है। इससे पहले बीते 3 और 5 नवंबर को आयोजित दो रोजगार मेलों में 92 कंपनियों ने भाग लिया था। उसमें 6,860 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था, जिनमें से 2,792 युवाओं को नौकरी के प्रस्ताव पत्र (Job Offers) दिए गए थे। पिछले मेले में युवाओं को अधिकतम 4.20 लाख रुपये सालाना (LPA) तक का पैकेज और 290 महिलाओं को भी रोजगार के अवसर प्राप्त हुए थे।