
JEE एडवांस्ड 2025 का रिजल्ट जारी, IIT दिल्ली जोन के राजित गुप्ता बने ऑल इंडिया टॉपर




नई दिल्ली: इंजीनियरिंग की सबसे प्रतिष्ठित प्रवेश परीक्षा जेईई एडवांस्ड 2025 का परिणाम सोमवार को जारी कर दिया गया। इस वर्ष परीक्षा में कुल 1.80 लाख से अधिक छात्रों ने हिस्सा लिया था, जिनमें से 54,378 विद्यार्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण की। इनमें 9,404 छात्राएं शामिल हैं।


इस बार ऑल इंडिया टॉपर का खिताब IIT दिल्ली ज़ोन के राजित गुप्ता ने अपने नाम किया है। उन्होंने कुल 332 अंक (360 में से) प्राप्त किए हैं। वहीं महिला वर्ग में टॉप करने का गौरव IIT खड़गपुर ज़ोन की देवदत्ता माजी को मिला, जिन्होंने 312 अंक प्राप्त किए।
रजित गुप्ता के अलावा कोटा से ही पढ़ाई कर रहे सक्षम जिंदल ने जेईई एडवांस 2025 में ऑल इंडिया रैंक 2 (AIR 2) हासिल की है। इससे पहले, सक्षम ने जेईई मेन 2025 में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 100 परसेंटाइल स्कोर किया था और ऑल इंडिया रैंक 10 प्राप्त की थी। वे मूल रूप से हरियाणा के हिसार जिले से हैं, लेकिन पिछले दो सालों से कोटा में रहकर जेईई की तैयारी कर रहे थे। इनके अलावा भी कोटा से तैयारी करने वाले कई अन्य छात्रों ने जेईई एडवांस 2025 क्वालीफाई किया है।


ऐसे करें जेईई एडवांस 2025 का स्कोरकार्ड डाउनलोड
आईआईटी कानपुर ने जेईई एडवांस 2025 का रिजल्ट जारी कर दिया है, जिसे अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट jeeadv.ac.in पर जाकर देख सकते हैं। नीचे दिए गए स्टेप्स को फॉलो करके आप अपना स्कोरकार्ड आसानी से डाउनलोड कर सकते हैं:
-
सबसे पहले जेईई एडवांस की आधिकारिक वेबसाइट jeeadv.ac.in पर जाएं।
-
होमपेज पर दिए गए ‘JEE (Advanced) 2025 Result’ लिंक पर क्लिक करें।
-
अब लॉगइन पेज खुलेगा, जहां आपको अपना रोल नंबर, जन्मतिथि और अन्य आवश्यक विवरण दर्ज करने होंगे।
-
जानकारी भरने के बाद ‘सबमिट’ बटन पर क्लिक करें।
-
आपका स्कोरकार्ड स्क्रीन पर दिखाई देगा, जिसे आप डाउनलोड करके सेव कर सकते हैं।

