दिल्ली 'थप्पड़कांड' के विरोध में AAP के प्रदर्शन के दौरान हंगामा
तिलक नगर थप्पड़कांड के खिलाफ आम आदमी पार्टी के विरोध मार्च के दौरान सादे कपड़ों में वीडियोग्राफी कर रहे दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल से बदसलूकी, पुलिस FIR दर्ज करने की तैयारी में।
भदैनी मिरर डिजिटल डेस्क:दिल्ली के तिलक नगर में हुए चर्चित 'थप्पड़कांड' के विरोध में आम आदमी पार्टी (AAP) द्वारा निकाले गए विरोध मार्च के दौरान भारी हंगामे की खबर सामने आई है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेज़ी से वायरल हो रहा है, जिसमें प्रदर्शन के दौरान सादे कपड़ों में ड्यूटी कर रहे दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल के साथ धक्का-मुक्की और बदसलूकी होती दिख रही है। इस वायरल वीडियो में आप विधायक जरनैल सिंह और पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज भी मौजूद नजर आ रहे हैं।

वीडियोग्राफी कर रहे जवान को भीड़ ने घेरा
मिली जानकारी के अनुसार, आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक तिलक नगर थप्पड़कांड के विरोध में सड़क पर मार्च निकाल रहे थे। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस ने बैरिकेडिंग कर भीड़ को रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान सादे कपड़ों में तैनात दिल्ली पुलिस का एक हेड कांस्टेबल (हरे रंग की टी-शर्ट पहने) मोबाइल से प्रदर्शन की वीडियोग्राफी और जानकारी एकत्र कर रहा था।

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि जैसे ही भीड़ आगे बढ़ी, कुछ प्रदर्शनकारियों ने उक्त पुलिसकर्मी को धक्का देना शुरू कर दिया। वीडियो में विधायक जरनैल सिंह भी पुलिसकर्मी की ओर इशारा करते और धक्का देते दिख रहे हैं। इसके बाद भीड़ ने जवान को चारों तरफ से घेर लिया। मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए किसी तरह जवान को भीड़ के बीच से बाहर निकाला। इस दौरान पुलिस और आप कार्यकर्ताओं के बीच काफी देर तक तीखी बहसबाजी होती रही। दिल्ली पुलिस इस पूरे मामले में कानूनी कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने की तैयारी कर रही है।

क्या था पूरा तिलक नगर थप्पड़कांड?
यह पूरा विवाद एक दिन पहले तिलक नगर क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य के निरीक्षण के दौरान शुरू हुआ था। निरीक्षण के वक्त बीजेपी नेता/पूर्व सांसद प्रवेश वर्मा और आप विधायक जरनैल सिंह के बीच सड़क की गुणवत्ता को लेकर तीखी बहस हो गई थी।
आरोप है कि इस दौरान जरनैल सिंह के सहयोगी साहिब सिंह अपने मोबाइल से घटनाक्रम की रिकॉर्डिंग कर रहे थे, तभी प्रवेश वर्मा ने उनका फोन नीचे कर दिया और उन्हें थप्पड़ जड़ दिया। साहिब सिंह का दावा है कि रिकॉर्डिंग रोकने के लिए उनके साथ मारपीट की गई।
इस घटना के बाद पुलिस ने प्रवेश वर्मा के खिलाफ नॉन-कॉग्निजेबल रिपोर्ट (NCR) दर्ज की है, लेकिन आम आदमी पार्टी प्रवेश वर्मा के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज करने की मांग को लेकर लगातार आक्रामक है और सड़कों पर प्रदर्शन कर रही है।
