दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला करने वाले आरोपी का निकला गुजरात कनेक्शन, जाँच जारी
सीएम आवास पर जनसुनवाई के दौरान युवक ने किया हमला, अभद्र भाषा का भी प्रयोग; भाजपा अध्यक्ष ने थप्पड़ मारने के दावे को किया खारिज
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम उस समय सामने आया जब मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर एक युवक ने हमला कर दिया। यह घटना गुरुवार सुबह सिविल लाइंस स्थित सीएम आवास में जनसुनवाई के दौरान हुई।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी युवक मुख्यमंत्री से मिलने आया और उन्हें कुछ कागज सौंपे। इसके बाद वह अचानक जोर-जोर से चिल्लाने लगा और अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगा। इसी बीच उसने मुख्यमंत्री पर हमला करने की कोशिश की।


शुरुआती जानकारी में यह दावा किया गया कि आरोपी ने सीएम रेखा गुप्ता को थप्पड़ मारा, लेकिन दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने इस तरह की खबरों को खारिज करते हुए कहा कि थप्पड़ मारने की बात गलत है, हालांकि सुनवाई के दौरान आरोपी ने मुख्यमंत्री पर हमला जरूर किया।

आरोपी की पहचान
हमलावर की पहचान राजेश भाई खिमजी भाई सकारिया के रूप में हुई है, जो गुजरात के राजकोट का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि उसका एक रिश्तेदार जेल में बंद है। आरोपी इसी रिश्तेदार की रिहाई की मांग को लेकर याचिका लेकर मुख्यमंत्री के पास आया था।
घटना के बाद मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत आरोपी को काबू में कर लिया और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपी के दिल्ली आने के मकसद और उसकी पृष्ठभूमि की जानकारी जुटा रही है।
इस घटना के बाद सीएम आवास की सुरक्षा को और भी कड़ा कर दिया गया है।

