अफजल गुरु का नाम लेकर 11 स्कूलों को उड़ाने की धमकी, दिल्ली पुलिस अलर्ट; बम निरोधक दस्ता तैनात
सुबह 8:30 से 9 बजे के बीच आए धमकी भरे कॉल और ईमेल, दक्षिणी दिल्ली समेत कई इलाकों के स्कूल खाली कराए गए
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब 11 से अधिक स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल और कॉल प्राप्त हुए। धमकी में संसद हमले के दोषी आतंकवादी अफजल गुरु का नाम लिया गया है, जिससे सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई हैं।


दिल्ली पुलिस के मुताबिक अब तक कुल नौ स्कूलों में बम धमाके की धमकी मिलने की पुष्टि हुई है। सूचना मिलते ही संबंधित स्कूल परिसरों को खाली कराया गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
पुलिस, दमकल और बम निरोधक दस्ता मौके पर
धमकी की जानकारी मिलते ही दिल्ली पुलिस, फायर ब्रिगेड और बम निरोधक दस्ते की टीमें स्कूलों में पहुंच गईं। सभी परिसरों की गहन तलाशी ली जा रही है। डॉग स्क्वॉड को भी जांच में लगाया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार दक्षिणी दिल्ली के तीन स्कूलों को भी धमकी मिली है। सभी कॉल और ईमेल सुबह करीब 8:30 से 9:00 बजे के बीच आए।
इन स्कूलों को मिली धमकी
अब तक जिन स्कूलों को धमकी मिलने की जानकारी सामने आई है, उनमें शामिल हैं—
- लॉरेटो कॉन्वेंट स्कूल, दिल्ली कैंट
- केम्ब्रिज स्कूल, श्रीनिवासनपुरी
- वेंकटेश्वर स्कूल, रोहिणी
- केम्ब्रिज स्कूल, एनएफसी
- द इंडियन स्कूल, सादिक नगर
- सीएम स्कूल, रोहिणी
- डीटीए स्कूल, आईएनए
- बाल भारती स्कूल, रोहिणी
- एयर फोर्स स्कूल, लोदी रोड
- केआर मंगलम स्कूल
- इंडियन स्कूल
जांच जारी, अभिभावकों में चिंता

दिल्ली पुलिस साइबर सेल भी धमकी भरे ईमेल की जांच में जुट गई है। आईपी एड्रेस और मेल सर्वर की तकनीकी पड़ताल की जा रही है। वहीं स्कूलों में बच्चों को लेने पहुंचे अभिभावकों में काफी चिंता देखी गई।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी भी स्कूल से संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन एहतियातन सभी जगहों पर सर्च ऑपरेशन जारी है।
