दिल्ली जल बोर्ड मामला: AAP नेता सत्येंद्र जैन को राउज़ एवेन्यू कोर्ट से मिली जमानत
STP टेंडर में कथित अनियमितताओं के मामले में बड़ी राहत, पिछले महीने ACB ने किया था गिरफ्तार
नई दिल्ली/(भदैनी मिरर न्यूज़): दिल्ली की राउज़ एवेन्यू कोर्ट से आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन को बड़ी राहत मिली है। अदालत ने दिल्ली जल बोर्ड (DJB) में कथित वित्तीय अनियमितताओं और भ्रष्टाचार से जुड़े एक मामले में सत्येंद्र जैन की जमानत याचिका मंजूर कर ली है। स्पेशल जज दिग विनय सिंह ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद यह फैसला सुनाया।


उल्लेखनीय है कि दिल्ली की पिछली आम आदमी पार्टी सरकार में जल मंत्री रहे सत्येंद्र जैन को दिल्ली पुलिस की एंटी-करप्शन ब्रांच (ACB) ने पिछले महीने गिरफ्तार किया था, जिसके बाद 19 अगस्त को उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।
IAS अधिकारी समेत 5 अन्य आरोपी भी शामिल

वर्ष 2024 में दर्ज किए गए इस मामले में सत्येंद्र जैन के अलावा पांच अन्य लोग भी नामजद और गिरफ्तार किए गए थे। इनमें शामिल हैं:
-
उदित प्रकाश राय (IAS), दिल्ली जल बोर्ड के पूर्व सीईओ
-
अंकित श्रीवास्तव, DJB के पूर्व कॉन्ट्रैक्टुअल कंसल्टेंट
-
नागेंद्र यादव, एंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर
-
राजा कुमार कुर्रा, यूरोटेक एनवायरनमेंट प्राइवेट लिमिटेड के मालिक
-
पंकज वर्मा, M/s सृजनहार के प्रोपराइटर
यह एफआईआर प्रिवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट, 1988 की धारा 7, 7A, 9 व 13 और भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 420, 409, 418 व 120B के तहत दर्ज की गई है।


क्या है पूरा मामला और ACB के आरोप?
यह पूरा मामला दिल्ली सरकार के डायरेक्टरेट ऑफ विजिलेंस की शिकायत के बाद सामने आया था। आरोप है कि दिल्ली जल बोर्ड के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट्स (STPs) की क्षमता बढ़ाने और उन्हें अपग्रेड करने के लिए जारी किए गए टेंडर प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर धांधली और आपराधिक साजिश रची गई।
जांच एजेंसी ACB के अनुसार, टेंडर की तकनीकी शर्तों में इस तरह से हेरफेर किया गया जिससे प्रतिस्पर्धा सीमित हो जाए और एक खास प्राइवेट कंपनी— M/s यूरोटेक एनवायरनमेंट प्राइवेट लिमिटेड को अनुचित लाभ पहुंचाया जा सके। एसीबी का दावा है कि टेंडर की शर्तों को प्रभावित करने के लिए निजी कारोबारी, बिचौलिए और सरकारी अधिकारी लगातार एक-दूसरे के संपर्क में थे।
अदालत द्वारा जमानत दिए जाने के बाद अब सत्येंद्र जैन के समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है।
