Movie prime
PMC_Hospital

Delhi: दिल्ली-एनसीआर दहलाने की बड़ी साजिश नाकाम, ISI समर्थित इंटरनेशनल आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश; 7 गिरफ्तार

पंजाब के रास्ते पाकिस्तान से आ रहे थे आधुनिक हथियार; गैंगस्टर से आतंकी बने भट्टी और गुर्जर के 7 गुर्गों को स्पेशल सेल ने दबोचा

Ad

 
delhi
WhatsApp Group Join Now

Ad

राष्ट्रीय सुरक्षा डेस्क (भदैनी मिरर): दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने देश की राजधानी और उसके आसपास के इलाकों (एनसीआर) को दहलाने की एक बहुत बड़ी अंतरराष्ट्रीय आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया है। स्पेशल सेल ने पाकिस्तान समर्थित एक बड़े आतंकी-अपराध सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए देश के विभिन्न हिस्सों से सात प्रमुख गुर्गों को गिरफ्तार किया है। यह सिंडिकेट विदेशों में बैठे गैंगस्टर से आतंकवादी बने शाहजाद भट्टी और अजमल गुर्जर द्वारा संचालित किया जा रहा था। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से आईएसआई (ISI) द्वारा प्रायोजित छद्म युद्ध को बड़ा झटका लगा है।

Ad
Ad

स्पेशल सेल की पूर्वी रेंज को मिली बड़ी कामयाबी

यह पूरा ऑपरेशन स्पेशल सेल की पूर्वी रेंज की टीम द्वारा चलाया गया। एसीपी कैलाश सिंह बिष्ट की देखरेख और इंस्पेक्टर राहुल कुमार, विनीत कुमार तेवतिया व अजीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सटीक जाल बिछाया। यह सिंडिकेट पाकिस्तान से पंजाब के रास्ते दिल्ली-एनसीआर में अवैध अत्याधुनिक हथियारों, गोला-बारूद और नशीले पदार्थों की तस्करी के बड़े नेटवर्क को ऑपरेट कर रहा था।

Ad

भारी मात्रा में विदेशी हथियार और स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों के कब्जे से 5 अत्याधुनिक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल, 41 जिंदा कारतूस, 7 मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल होने वाली एक स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद की है। बरामद किए गए मोबाइल फोनों में पाकिस्तान में बैठे आकाओं शाहजाद भट्टी और अजमल गुर्जर से जुड़ी कई आपत्तिजनक चैट और वॉयस नोट भी मिले हैं, जो सीधे तौर पर देश विरोधी गतिविधियों की गवाही दे रहे हैं।

Ad

गिरफ्तार किए गए आरोपियों का विवरण

पकड़े गए सात आरोपियों में से अधिकांश उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद और पंजाब के रहने वाले हैं:

  1. अनस - निवासी लोनी, गाजियाबाद (यूपी)

  2. मोहित - निवासी लोनी, गाजियाबाद (यूपी)

  3. आरिफ - निवासी लोनी, गाजियाबाद (यूपी)

  4. साबिर - निवासी लोनी, गाजियाबाद (यूपी)

  5. दीपक - निवासी ट्रोनिका सिटी, गाजियाबाद (यूपी)

  6. जतन - निवासी ट्रोनिका सिटी, गाजियाबाद (यूपी)

  7. करणवीर सिंह - निवासी फतेहगढ़ साहिब, पंजाब

सोशल मीडिया पर युवाओं की भर्ती और यूपीआई (UPI) से हथियारों की डील

स्पेशल सेल को मई 2026 के मध्य में खुफिया जानकारी मिली थी कि आईएसआई के इशारे पर दिल्ली-एनसीआर में बड़े हमले और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश रची जा रही है। शाहजाद भट्टी और उसके विदेशी सहयोगी सोशल मीडिया के माध्यम से भारतीय युवाओं को पैसों का लालच देकर देश विरोधी गतिविधियों के लिए प्रेरित कर रहे थे।

यह नेटवर्क इतना शातिर था कि यह पूरी तरह से एन्क्रिप्टेड एप्लिकेशन, डिस्पोजेबल मोबाइल नंबर और हवाला चैनलों के जरिए काम करता था। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी आरिफ ने अजमल गुर्जर से एक बेहद खतरनाक 'जिगाना पिस्तौल' एक लाख रुपये में खरीदी थी, जिसका भुगतान बकायदा डिजिटल माध्यम यानी यूपीआई (UPI) स्कैनर के जरिए किया गया था। सिंडिकेट द्वारा मादक पदार्थों और अवैध हथियारों की बिक्री से कमाए गए पैसों के लेन-देन के लिए इस्तेमाल होने वाले कई बैंक खातों को भी पुलिस ने ट्रेस किया है।

हरियाणा के मशहूर ढाबों और सार्वजनिक स्थलों की हो चुकी थी रेकी

पूछताछ में खुलासा हुआ है कि पकड़े गए आरोपियों को दिल्ली-एनसीआर के कई संवेदनशील प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थानों पर डर का माहौल बनाने के लिए रेकी करने के निर्देश दिए गए थे। पाकिस्तानी आका शाहजाद भट्टी ने आरिफ और अनस को हरियाणा के एक बेहद प्रसिद्ध भोजनालय (ढाबे) और दिल्ली के वीआईपी इलाकों की रेकी करने की जिम्मेदारी सौंपी थी, जिसे स्पेशल सेल ने समय रहते नाकाम कर दिया।