Movie prime
PMC_Hospital

वाराणसी: मारपीट में घायल युवक की ट्रामा सेंटर में मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप; दो हिरासत में

नैपुरा व्यायामशाला के पास मिला था गंभीर रूप से घायल विनीत यादव; मृतक के डॉक्टर भाई का दावा- 'पुरानी रंजिश में हुई मारपीट, सख्त हो कार्रवाई'

Ad

 
lanka
WhatsApp Group Join Now

Ad

वाराणसी (भदैनी मिरर): धर्मनगरी वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र अंतर्गत नरोत्तमपुर निवासी विनीत यादव उर्फ धर्मेंद्र की बुधवार देर रात बीएचयू (BHU) ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान दर्दनाक मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल अवस्था में विनीत को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने पुरानी रंजिश के चलते मारपीट कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में दो नामजद संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

Ad

नैपुरा व्यायामशाला के पास अचेत अवस्था में मिला था युवक

मृतक के भाई डॉक्टर विशाल यादव ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि परसों रात लगभग 12:30 से 2:00 बजे के बीच उनके गांव के ही एक व्यक्ति ने घर आकर सूचना दी कि विनीत (धरू) नैपुरा व्यायामशाला के पास अचेत और लहूलुहान अवस्था में पड़ा हुआ है।

परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में अपनी गाड़ी से विनीत को लेकर बीएचयू ट्रामा सेंटर पहुंचे। डॉक्टर विशाल के अनुसार, विनीत के सिर में गंभीर चोट (Severe Head Injury) आई थी और उसकी हालत बेहद नाजुक (Poor GCS) बनी हुई थी। डॉक्टरों ने उसे तुरंत वेंटिलेटर/इन्ट्यूबेट (Intubate) किया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

Ad

क्रिकेट विवाद और पुरानी रंजिश का शक

मृतक के परिजनों का कहना है कि यह दुर्घटना नहीं बल्कि सोची-समझी साजिश के तहत की गई मारपीट और हत्या का मामला है। डॉक्टर विशाल ने बताया कि कुछ महीने पहले गांव में क्रिकेट खेलने को लेकर एक छोटा विवाद हुआ था। वहीं घटना के दो-तीन दिन पहले भी आपस में कुछ कहासुनी और झगड़ा हुआ था। परिजनों को पूरा विश्वास है कि उसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया है।

Ad

विनीत अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों (एक बेटी और एक बेटा) को छोड़ गए हैं। परिजनों ने शासन-प्रशासन से मामले की निष्पक्ष और सख्त कानूनी जांच कर दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है।

पुलिस का पक्ष और कार्रवाई

लंका थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा के अनुसार, परिजनों की तहरीर पर मारपीट और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को हिरासत (Custody) में लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि हिरासत में लिए गए युवकों से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना की वास्तविक वजह और परिस्थितियों का पता चल सके। शव का पोस्टमार्टम कराकर विधिक कार्रवाई की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मुकदमे में हत्या जैसी गंभीर धाराएं बढ़ाई जाएंगी।