वाराणसी: शिवपुर में सब्जी विक्रेता पर चाकू से हमले का आरोप
बीडीए कॉलोनी मोड़ की घटना; किराएदार चाट विक्रेता के बचाव पर मनबढ़ों ने किया हमला, पीड़ित ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार
वाराणसी (शिवपुर) / भदैनी मिरर:
वाराणसी जिले के शिवपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनकर बस्ती निवासी सब्जी विक्रेता पर शराब के नशे में धुत मनबढ़ों द्वारा धारदार चाकू से हमला करने और जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रंगदारी और मुफ्त में चाट न देने के पुराने विवाद को लेकर हुई इस घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने शिवपुर थाने में प्रार्थना पत्र देकर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

सब्जी की दुकान पर अचानक बोला हमला
घटना के संबंध में पीड़ित सुरेश सोनकर पुत्र स्व. कन्हैया प्रसाद सोनकर (मकान नंबर S19/48, सोनकर बस्ती, शिवपुर) ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वे रोजाना की भांति शिवपुर पुरानी चुंगी, बीडीए कॉलोनी मोड़ (मिनी स्टेडियम के सामने) अपनी सब्जी की दुकान पर बिक्री कर रहे थे।

इसी दौरान रात करीब 9:30 बजे बीडीए कॉलोनी निवासी रंगोली सोनकर (पुत्र स्व. राजेंद्र सोनकर) अपने 8-10 अन्य साथियों के साथ अत्यधिक शराब के नशे में वहां पहुंचा। आरोपी हाथ में धारदार चाकू लिए गाली-गलौज करते हुए सुरेश सोनकर को जान से मारने की नीयत से दौड़ा लिया।

दुकानदारों ने बचाई जान, भाग निकला आरोपी
अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हमलावर ने दो बार चाकू से वार करने का प्रयास किया, लेकिन पीड़ित जान बचाने के लिए भागा और नीचे गिर गया। आसपास मौजूद अन्य दुकानदारों और राहगीरों ने बीच-बचाव करते हुए किसी तरह सुरेश सोनकर को बचाया। खुद को घिरता देख आरोपी रंगोली सोनकर और उसके साथी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
किराएदार से मुफ्त चाट मांगने का विवाद बनी वजह
पीड़ित के छोटे भाई रोहित सोनकर ने घटना की पृष्ठभूमि बताते हुए बताया कि उनके मकान में एक चाट विक्रेता किराए पर रहता है। दो दिन पूर्व बीडीए कॉलोनी निवासी कुछ युवक उससे मुफ्त में चाट मांग रहे थे। मना करने और पैसे मांगने पर युवकों ने चाट विक्रेता के साथ मारपीट की थी।
चूंकि पीड़ित पक्ष ने अपने किराएदार का बचाव करते हुए आरोपियों से सही दाम देने की बात कही थी, इसी रंजिश को पालकर मनबढ़ों ने वारदात को अंजाम दिया।
थाने में दिया प्रार्थना पत्र, आश्वासन मिला
पीड़ित परिजनों ने शिवपुर थाने पहुंचकर नामजद तहरीर सौंपते हुए जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त जांच और त्वरित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
