वाराणसी: लंका में ताला तोड़कर उड़ाए थे लाखों के जेवर और कैश, 24 घंटे में दो शातिर चोर गिरफ्तार, 90 फीसदी माल बरामद
शिवशक्ति नगर कॉलोनी में हुई वारदात का पर्दाफाश, बजबजा प्लांट के पास से दबोचे गए रोहनिया के दो शातिर
शहर छोड़कर भागने की फिराक में थे आरोपी; 2 लाख रुपये नगद समेत सोने-चांदी के आभूषण बरामद
एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने किया प्रेस कॉन्फ्रेंस , थाना प्रभारी के नेतृत्व में 3 टीमों ने किया सफल अनावरण
वाराणसी (भदैनी मिरर डेस्क)।
वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र अंतर्गत नारायणपुर डाफी (शिवशक्ति नगर कॉलोनी) में हुए चोरी के एक बड़े मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण कर दिया है। लंका थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना में शामिल दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चोरों के पास से चोरी किए गए शत-प्रतिशत आभूषण और पूरे 2 लाख रुपये नकद बरामद करने में सफलता हासिल की है।


शिवशक्ति नगर कॉलोनी में बंद मकान को बनाया था निशाना
मूल रूप से बिहार के गोपालगंज जिले के रहने वाले संतोष कुमार साह वर्तमान में लंका थाना क्षेत्र के नारायणपुर डाफी स्थित शिवशक्ति नगर कॉलोनी में मकान बनाकर रहते हैं। बीते 24 जून को अज्ञात चोरों ने उनके बंद मकान का ताला तोड़कर अंदर रखे कीमती जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया था। पीड़ित की तहरीर पर लंका थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत कर मामले की तफ्तीश शुरू की थी।

बजबजा प्लांट के पास से दबोचे गए चोर, कबूला जुर्म
विवेचक उप-निरीक्षक राहुल जायसवाल और पुलिस टीम लगातार चोरों सुराग तलाशने में जुटी थी। इसी बीच रविवार (28 जून) दोपहर करीब 12:30 बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने बजबजा प्लांट की तरफ खाली जमीन के पास घेराबंदी कर दो संदिग्धों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान राजन यादव (उम्र 20 वर्ष) और राजकुमार भारती (उम्र 24 वर्ष) के रूप में हुई। दोनों आरोपी रोहनिया थाना क्षेत्र के मुडादेव गांव के रहने वाले हैं।

चोरों ने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया, "साहब हमसे गलती हो गई, हमें माफ कर दीजिए। हम दोनों ने मिलकर चोरी की थी। कुछ माल बेचने के बाद जो पैसा मिला था, उसे आपस में बांटकर हम शहर छोड़कर भागने की फिराक में थे, तभी पुलिस ने हमें पकड़ लिया।"
कैश और जेवरात की विस्तृत बरामदगी
पुलिस ने जब दोनों आरोपियों की अमली जामा तलाशी ली, तो उनके पास से भारी मात्रा में चोरी का माल बरामद हुआ। गिरफ्तार राजन यादव के पास से ₹1,00,000 रुपये नगद (500 के 178 नोट, 100 के 96 नोट, 200 के 7 नोट) और लोअर की जेब से सफेद धातु (चांदी) की एक जोड़ी लरीदार पायल, एक बिछिया व पीली धातु (सोने) की एक अंगूठी बरामद हुई।
वहीं, दूसरे आरोपी राजकुमार भारती के पास से भी ₹ 1,00,000 रुपये नगद (500 के 200 नोट) और जींस की जेब से सोने का एक झूमका, एक अंगूठी, एक लौंग (नाक की कील), एक नथिया रिंग और एक जोड़ी कुंडल (बाली) बरामद हुई।
3 टीमों ने 24 घंटे में किया वर्कआउट: एसीपी भेलूपुर
मामले की जानकारी देते हुए एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि 26 जून को तहरीर मिलते ही लंका थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार के नेतृत्व में तत्काल 3 पुलिस टीमों का गठन किया गया था। टीम ने बेहतरीन कार्य करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपियों को ट्रेस कर लिया। वारदात का 90% से अधिक माल बरामद कर लिया गया है। फिलहाल आरोपियों का कोई पुराना आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है, फिर भी उनके बैकग्राउंड की जांच की जा रही है। दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जा रहा है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में यह रहे शामिल
इस सफल खुलासे में प्रभारी निरीक्षक राजकुमार, दरोगा राहुल, शिवाकान्त शर्मा, हेड कांस्टेबल ओमप्रकाश सिंह, कांस्टेबल अमित शुक्ला, पवन कुमार, कृष्णकान्त पाण्डेय, सूरज कुमार और शशिकांत शामिल रहे।
