वाराणसी: मोहनसराय पुलिस चौकी पर ही भिड़े दो पक्ष, लूटपाट का आरोप, केश दर्ज
रोहनिया का बीकापुर जमीन विवाद: चौकी में बातचीत के दौरान हमला, सोने का ब्रेसलेट व नकदी छीनी, जातिसूचक गालियां देने का भी आरोप
वाराणसी (भदैनी मिरर): रोहनिया थाना क्षेत्र की मोहनसराय पुलिस चौकी परिसर में रविवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब जमीन विवाद के निपटारे के लिए पहुंचे दो पक्ष आपस में ही भिड़ गए। चौकी पर पुलिस के सामने ही मनबढ़ों ने धारदार हथियार और कोल्ड ड्रिंक की बोतलों से हमला बोल दिया। इस दौरान जमकर मारपीट और लूटपाट हुई। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर रोहनिया पुलिस ने 6 नामजद और 8 अज्ञात (जिनमें 5 महिलाएं शामिल हैं) के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।


पुलिस चौकी पर बातचीत के दौरान भड़की हिंसा
जानकारी के अनुसार, इंग्लिशिया लाइन स्थित नेहरू मार्केट के निवासी दीपक कुमार का बीकापुर की एक जमीन को लेकर विपक्षी पक्ष से विवाद चल रहा है। इसी सिलसिले में रविवार को मोहनसराय पुलिस चौकी पर दोनों पक्षों को बातचीत के लिए बुलाया गया था। आरोप है कि बातचीत के दौरान ही अचानक मनतोष, प्रमोद, कमला, राजेश, सूरसत्ती, अखिलेश व अन्य लोगों ने हमला कर दिया।

धारदार हथियार से वार, सोने का ब्रेसलेट और नकदी लूटी
पीड़ित दीपक कुमार का आरोप है कि हमलावरों ने धारदार हथियार और कोल्ड ड्रिंक की शीशे वाली बोतलों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस मारपीट में उनके साथी मनीष सिंह और कुज्जन सिंह राणा से सोने का ब्रेसलेट और 3,500 रुपये नकद छीन लिए गए। यही नहीं, आरोपियों ने हरसोस के ग्राम प्रधान अखिलेश और अजीत कुमार के साथ भी धक्का-मुक्की करते हुए जातिसूचक गालियां दीं।


पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
चौकी परिसर में हुई इस हिंसक वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए रोहनिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। रोहनिया थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि बीकापुर की जमीन से जुड़े विवाद में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई में जुटी है।
