वाराणसी: शादी समारोह में गया था परिवार, पीछे से चोरों ने बंद मकान को खंगाला; नगदी और जेवरात समेत लाखों की चोरी
सूने घर पर घात लगाकर बैठे थे चोर: अलमारी और बक्से खंगालकर नगदी, सोने-चांदी के गहने और कीमती साड़ियां समेटीं
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गौर गांव (डीह बस्ती) में सोमवार की रात चोरों ने एक मकान को अपना निशाना बनाया। परिवार जब एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने गया था, तभी अज्ञात चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर के भीतर प्रवेश किया। चोरों ने कमरों में रखे दो बक्सों और अलमारी के ताले तोड़कर मकान निर्माण के लिए रखी गई लाखों रुपए नगदी, सोने और चांदी के आभूषण और कीमती साड़ियों पर हाथ साफ कर दिया। शादी की खुशियों के बीच हुई इस बड़ी वारदात से पीड़ित परिवार सदमे में है।



जानकारी के अनुसार, (मिर्जामुराद) गौर गांव निवासी परदेसी राजभर उर्फ बुद्धू का डीह बस्ती में अपना मकान है। सोमवार की रात उनके किसी करीबी रिश्तेदार के यहां शादी समारोह था। पूरा परिवार घर में ताला बंद कर खुशी-खुशी वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने गया था। घर को सूना पाकर घात लगाए बैठे चोरों ने इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित परदेसी राजभर अपने घर के निर्माण (कंस्ट्रक्शन) कार्य के लिए सोमवार को अपने माता प्रेमा देवी के खाते से लाखों रुपए निकाले थे। चोरों ने घर के अंदर दाखिल होकर दो बड़े बक्सों और अलमारी के लॉकर को तोड़ दिया। बक्से में रखे मकान निर्माण के नगदी लाखों रुपए, सोने की अंगूठी, सोने की चैन, चांदी की कटोरी, चांदी के सिक्के और घर की महिलाओं की कीमती साड़ियां समेटकर चोर रफूचक्कर हो गए।

घटना का खुलासा तब हुआ जब देर रात वैवाहिक कार्यक्रम से पूरा परिवार वापस घर लौटा। मुख्य दरवाजे पर लटका ताला टूटा देख परिजनों के पैर तले जमीन खिसक गई। जब वे रोते-बिलखते घर के अंदर दाखिल हुए, तो नजारा भयावह था। कमरों का सारा सामान फर्श पर बिखरा पड़ा था, बक्से और अलमारियां खुली थीं और उनमें रखी नगदी व जेवरात गायब थे।


भुक्तभोगी परिवार ने घटना के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी। मंगलवार सुबह पीड़ित परदेसी राजभर की ओर से मिर्जामुराद थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित तहरीर दी गई है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इस वारदात के बाद गौर गांव के ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय पुलिस गश्त न होने के कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और चोरी गए माल की बरामदगी की गुहार लगाई है। वही पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई।
