वाराणसी: सारनाथ पुलिस का 'ऑपरेशन चक्रव्यूह', 14 चोरी के मोबाइल और ₹48 हजार नकदी के साथ 2 शातिर गिरफ्तार
चंदौली हाईवे पर खड़े ट्रकों से मोबाइल उड़ाने वाला चोर और खरीदार चढ़े पुलिस के हत्थे; हृदयपुर अंडरपास के पास से गिरफ्तारी
वाराणसी (सारनाथ) / भदैनी मिरर: कमिश्नरेट वाराणसी के वरुणा ज़ोन अंतर्गत थाना सारनाथ पुलिस ने 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी के 14 एंड्रॉइड मोबाइल फोन और ₹48,100 नकद के साथ 2 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई 16 सितंबर 2026 की देर रात (करीब 00:14 बजे) हृदयपुर अंडरपास के पास दबिश देकर की।

हाईवे पर खड़े ट्रकों से चुराते थे मोबाइल
15 सितंबर की रात सारनाथ पुलिस टीम सथवा चौराहे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि हृदयपुर अंडरपास के पास चोरी के मोबाइल फोन की खरीद-बिक्री के लिए कुछ लोग एकत्र हुए हैं। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर मौके से दो अभियुक्तों को दबोच लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण:
-
किशन राजभर (उम्र 24 वर्ष), पुत्र अमरनाथ राजभर, निवासी बेनीपुर, थाना सारनाथ, वाराणसी।
-
अविनाश दीक्षित (उम्र 31 वर्ष), पुत्र हरेंद्र दीक्षित, निवासी अशोक बिहार कॉलोनी, थाना सारनाथ, वाराणसी।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
कड़ाई से पूछताछ करने पर मुख्य आरोपी किशन राजभर ने बताया कि वह चंदौली राष्ट्रीय राजमार्ग (Highway) के किनारे खड़े भारी वाहनों और ट्रकों के चालकों को निशाना बनाता था। मौका पाकर वह चालकों के मोबाइल फोन चुरा लेता था और फिर उन्हें सह-अभियुक्त अविनाश दीक्षित को औने-पौने दामों में बेच देता था। अविनाश इन मोबाइलों को आगे बेचने का काम करता था।

बरामदगी और दर्ज मुकदमा
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से विभिन्न नामी कंपनियों के 14 चोरी के स्मार्टफोन्स और ₹48,100 की नकद राशि बरामद की है। थाना सारनाथ पर दोनों के खिलाफ बीएनएस की धारा 317(2) और 317(4) (मु0अ0सं0 0481/2026) के तहत मुकदमा पंजीकृत कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। बता दें कि अभियुक्त किशन राजभर पर पूर्व से मारपीट, रंगदारी और अपहरण के मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम:
सफलता हासिल करने वाली टीम में थानाध्यक्ष पंकज कुमार त्रिपाठी, उ०नि० राहुल कुमार यादव, उ०नि० सौरवपति त्रिपाठी, हे०का० दिलीप यादव, हे०का० पंकज सिंह, का० रवि कुमार गौतम, का० सुमित सिंह, का० गोविंद कुमार और रि०का० विवेक कुमार शामिल रहे।
