वाराणसी: 116 करोड़ की साइबर ठगी का भंडाफोड़, XePay ऐप से बैंक किट चुराकर फ्रॉड करने वाले सरगना समेत 4 गिरफ्तार
चेतगंज पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में 143 NCRP शिकायतों का खुलासा, आरोपियों के कब्जे से लग्जरी गाड़ियां, 40 एटीएम कार्ड और QR स्कैनर बरामद
वाराणसी, भदैनी मिरर। वाराणसी साइबर क्राइम सेल (प्रतिबिम्ब टीम) और चेतगंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने आम लोगों को कमीशन का लालच देकर उनके नाम पर फर्जी फर्म व बैंक खाते खुलवाकर करोड़ों की साइबर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना समेत कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 2 अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
जांच में सामने आया है कि इस गिरोह से जुड़े 41 बैंक खातों पर पूरे देश में कुल 143 NCRP शिकायतें दर्ज हैं, जिनमें लगभग 116,86,58,321 रुपये (116 करोड़ 86 लाख रुपये से अधिक) के धोखाधड़ी का मामला पाया गया है।


इस तरह देते थे वारदात को अंजाम
मामले का खुलासा करते हुए एसीपी सारनाथ/क्राइम विनय द्विवेदी ने बताया कि आरोपी आम लोगों को मोटी कमीशन का लालच देकर उनके नाम पर फर्जी फर्म और विभिन्न बैंकों में चालू व बचत खाते खुलवाते थे। इसके बाद खाताधारकों से बैंक किट, इंटरनेट बैंकिंग की गोपनीय जानकारी और पंजीकृत मोबाइल नंबर ले लेते थे।

ठगी के लिए आरोपी अपने फोन में 'XePay' नाम से एक APK फाइल इंस्टॉल करते थे और उसमें बैंक खातों की डिटेल्स फीड कर देते थे। इस ऐप के माध्यम से मोबाइल फोन में 'SMS Forwarding' ऑन हो जाती थी, जिससे दूर बैठे मुख्य साइबर अपराधी ओटीपी (OTP) हासिल कर लेते थे। इसके बाद इन्वेस्टमेंट फ्रॉड और बेटिंग ऐप्स के जरिए ठगी की रकम को दर्जनों बैंक खातों में ट्रांसफर कर पैसों का स्रोत और प्रवाह छिपा दिया जाता था।


गिरफ्तार आरोपियों में सरगना नितिश कुमार पाण्डेय मूल निवासी ग्राम डिही, थाना शिवसागर, जिला रोहतास (बिहार)। हाल पता- आदित्य रेजिडेंशी, विवेकानन्दपुरम कालोनी, करौंदी, चितईपुर, वाराणसी, दुष्यन्त सिंह निवासी कबीर नगर, दुर्गाकुण्ड, थाना भेलूपुर, वाराणसी, हिमान्शु झा निवासी शिवपुरवा, महमूरगंज, थाना सिगरा, वाराणसी और मो० रेहान निवासी शिवाला, थाना भेलूपुर, वाराणसी है।
इनकी तलाश जारी -
एसीपी ने बताया कि दो आरोपी अभी भी पुलिस गिरफ्त से बाहर है, पुलिस को प्रतीक तिवारी उर्फ बन्टी (निवासी सामने घाट, वाराणसी) और रोमिल वर्मा (निवासी अज्ञात) की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से बरामद सामान
पुलिस टीम ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बैंक दस्तावेज और वाहन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 7 मोबाइल फोन (04 आईफोन व 03 एंड्रॉइड), 1 लैपटॉप, 19 चेकबुक व 6 पासबुक, 40 डेबिट कार्ड, 2 क्रेडिट कार्ड, 4 शॉपिंग कार्ड, 1 ग्रीन रेमिट कार्ड व 1 गेहिंग कार्ड, 48 QR कोड स्कैनर,
1 रॉयल एनफील्ड क्लासिक 350 और 1 स्कोडा रैपिड कार, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस व 2 वाहन आरसी बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी दुष्यन्त सिंह के खिलाफ पूर्व में भी साइबर क्राइम सोनीपत (हरियाणा) और थाना भेलूपुर (वाराणसी) में आपराधिक मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में साइबर क्राइम सेल प्रभारी दरोगा मनोज कुमार तिवारी, दरोगा कृष्ण कुमार जायसवाल, आलोक कुमार यादव, महिला दरोगा दिव्या भदौरिया, कांस्टेबल अंकित गुप्ता शामिल रहे।
वहीं थाना चेतगंज प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार शुक्ला, चौकी प्रभारी चेतगंज वैभव शुक्ला, चौकी इंचार्ज तेलियाबाग अली अतहर, हेड कांस्टेबल नरेन्द्र तिवारी, अखिलेश भारती और कांस्टेबल रविदत्त शामिल रहे।
