Movie prime
PMC_Hospital

Varanasi: सारनाथ मे  रिश्ता शर्मसार; विवाहिता ने लगाया ससुर पर बलात्कार का आरोप 

मायके में रहकर पति करता था मारपीट, बहानों से ऐंठे ₹6 लाख; बाथरूम में घुसकर निजता भंग करने का आरोप, पीड़िता ने सारनाथ थाने में दी तहरीर, सुरक्षा की गुहार।

Ad

 
ef
WhatsApp Group Join Now

Ad

 

भदैनी मिरर: वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र से रिश्तों को तार-तार करने और दहेज के लालच की एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सारनाथ के पंचकोशी क्षेत्र की रहने वाली विवाहिता ने अपने पति, ससुर और ननद के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, बेरहमी से मारपीट, छेड़छाड़, अस्मत लूटने के प्रयास और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने सारनाथ थाने में लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और खुद व अपने 15 माह के मासूम बच्चे के लिए सुरक्षा की मांग की है।

Ad
Ad

विवाह के बाद मायके में ही रहने लगा पति, विभिन्न बहानों से ऐंठे ₹6 लाख

थाने में दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, पीड़िता का विवाह 17 सितंबर 2024 को हिंदू रीति-रिवाज के साथ प्रियांशु सेठ (निवासी सिरसा रामकियां, गांधीनगर, थाना मेजा, जनपद प्रयागराज) के साथ संपन्न हुआ था। पीड़िता  का एक 15 महीने का बेटा भी है। शादी के बाद से ही उसका पति प्रियांशु सेठ उसके मायके पंचकोशी (सारनाथ) में ही आकर रहने लगा था।

Ad

आरोप है कि विवाह के बाद से ही पति लगातार पैसों की मांग को लेकर पीड़िता के साथ शारीरिक और मानसिक क्रूरता करता था। विभिन्न बहानों का हवाला देकर पति ने पीड़िता से लगभग 6 लाख रुपये भी ऐंठ लिए। जब पीड़िता ने और पैसे देने से असमर्थता जताई, तो उसे और उसके बच्चे को जान से मारने की धमकी दी जाने लगी।

Ad

ससुर पर बाथरूम में घुसने और बलात्कार के प्रयास का संगीन आरोप

पीड़िता विवाहिता ने अपने ससुर चंद्रमा सेठ पर बेहद घिनौने और गंभीर आरोप लगाए हैं। तहरीर के मुताबिक, ससुर चंद्रमा सेठ ने कई बार उसके साथ छेड़छाड़ की और जबरन बलात्कार (दुष्कर्म) करने का प्रयास किया। हद तो तब हो गई जब ससुर कई बार निजता का पूर्ण उल्लंघन करते हुए जबरन बाथरूम तक में घुस आया।

विवाहिता ने जब इस बदसलूकी की शिकायत अपने पति प्रियांशु से की, तो रक्षक बनने के बजाय पति ने ससुर का ही साथ दिया और विवाहिता को जान से मारने की धमकी देकर जबरन चुप करा दिया। इस प्रताड़ना में उसकी ननद प्रिया सेठ भी शामिल है, जो लगातार विवाहिता को डराती-धमकाती रहती है।

बिना तलाक के दूसरी शादी रचाने की साजिश का खुलासा

मामले में सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब पीड़िता को जानकारी मिली कि अभी तक उसका और प्रियांशु का कोई कानूनी या विधिवत तलाक नहीं हुआ है, इसके बावजूद ससुराल पक्ष प्रियांशु की दूसरी शादी करवाने की पूरी तैयारी में है। आरोप है कि पति प्रियांशु सेठ, ससुर चंद्रमा सेठ और ननद प्रिया सेठ मिलकर प्रियांशु का दूसरा विवाह कांटीत मार्केट निवासी प्रतीक्षा सोनी (पुत्री विश्वनाथ सेठ) से कराने का षड्यंत्र रच रहे हैं।

₹25 लाख नगद और स्कार्पियो देने के बाद भी नहीं भरा पेट

पीड़ित विवाहिता का कहना है कि शादी के वक्त उसके परिवार ने हैसियत से बढ़कर प्रियांशु को एक स्कार्पियो वाहन और लगभग 25 लाख रुपये नगद दहेज के रूप में दिए थे। इतना सब कुछ मिलने के बाद भी ससुराल पक्ष का पेट नहीं भरा और वे लगातार उसे प्रताड़ित कर रहे हैं।

पीड़िता ने बताया कि उसने पूर्व में भी थाना अध्यक्ष सारनाथ को इस संबंध में शिकायत दी थी, लेकिन तब कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। विवाहिता ने अब उच्चाधिकारियों से गुहार लगाई है कि सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच कर पति प्रियांशु सेठ, ससुर चंद्रमा सेठ, ननद प्रिया सेठ और इस साजिश में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ सुसंगत और गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जाए। इस मामले में पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त हो चुकी है, मामले की गहराई से जांच कर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।