Movie prime
PMC_Hospital

वाराणसी: रैपिडो चालक ने दारोगा की बेटी को गलत रूट पर ले जाकर की अभद्रता, भ्रामक वीडियो बनाने वाले दोस्त समेत दोनों आरोपी गिरफ्तार

कैंट से लंका के लिए बुक की थी रैपिडो, पार्सल डिलीवरी के चक्कर में शॉर्टकट और गलत रास्तों का किया इस्तेमाल

Ad

 
Police
WhatsApp Group Join Now

Ad

रविदास गेट के पास पीड़िता के परिजनों और पुलिस से की बदतमीजी; भ्रामक वीडियो के जरिए सहानुभूति बटोरने की साजिश नाकाम

वाराणसी (भदैनी मिरर): धर्मनगरी वाराणसी के पॉश इलाके लंका थाना क्षेत्र में एक रैपिडो बाइक चालक द्वारा युवती (जो कि एक दारोगा की पुत्री बताई जा रही है) से छेड़खानी और अभद्रता का गंभीर मामला प्रकाश में आया है। इस घटना के बाद अपनी गलती छिपाने के लिए आरोपी चालक ने अपने दोस्त को बुलाकर मौके पर पुलिस और परिजनों के खिलाफ एक भ्रामक वीडियो बनवाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

Ad
Ad

हालांकि, वाराणसी कमिश्नरेट की लंका थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छेड़खानी, मारपीट और पुलिस कार्य में बाधा डालने सहित अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी रैपिडो चालक और भ्रामक वीडियो बनाकर हंगामा करने वाले उसके साथी, दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।

Ad

निर्धारित रूट छोड़ सुनसान रास्ते पर ले जाने का आरोप

एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने अधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि कल थाना लंका पर एक पीड़िता द्वारा तहरीर प्रदान की गई थी। पीड़िता ने कैंट रेलवे स्टेशन क्षेत्र के आसपास से लंका आने के लिए एक रैपिडो बाइक बुक की थी। यात्रा के दौरान निर्धारित मुख्य मार्ग से न लाकर रैपिडो चालक बाइक को किसी अन्य और गलत रूट पर ले जाने लगा।

Ad

युवती को जब रास्ता भटकने का अहसास हुआ, तो उसने तत्काल आपत्ति प्रकट की और चालक को सही रास्ते पर चलने या गाड़ी रोकने को कहा। इसके बावजूद चालक ने युवती की बात अनसुनी कर दी और गलत रूट पर बढ़ता रहा। असुरक्षा की भावना होने पर पीड़िता ने चिल्लाकर गाड़ी रुकवाने का प्रयास किया और तत्काल अपने परिजनों को फोन कर लाइव लोकेशन शेयर की।

परिजनों ने रविदास गेट पर घेरा, तो दोस्त को बुलाकर बनवाया वीडियो

लोकेशन ट्रैक करते हुए पीड़िता के दारोगा पिता और परिजनों ने लंका थाना क्षेत्र के रविदास गेट के पास रैपिडो चालक को रोक लिया। खुद को घिरता देख शातिर चालक ने अपने एक साथी को मौके पर बुला लिया। आरोपी के दोस्त ने मोबाइल निकालकर पूरे घटनाक्रम का एकतरफा और भ्रामक वीडियो बनाना शुरू कर दिया।

आरोपियों ने पुलिस की कार्रवाई को गलत ठहराने और सोशल मीडिया पर सहानुभूति बटोरने के लिए वीडियो में यह दावा कर दिया कि पुलिसकर्मी उन्हें बेवजह थप्पड़ मार रहे हैं। सूचना पाकर जब लंका थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, तो इन युवकों ने पुलिस टीम के साथ भी तीखी नोकझोंक और अभद्रता की।

पुलिस पूछताछ में खुली पोल, पार्सल के चक्कर में की थी वारदात

एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि जब दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई, तो रैपिडो चालक ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने युवती की राइड एक्टिव होने के दौरान ही ऐप पर एक दूसरा पार्सल बुकिंग भी ले लिया था। उस पार्सल को जल्दी डिलीवर करने के लालच में वह मुख्य मार्ग छोड़कर शॉर्टकट और गलत रास्तों का इस्तेमाल कर रहा था, जिसका विरोध करने पर उसने युवती से बदसलूकी की।

पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर छेड़खानी, मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं में केस पंजीकृत कर दोनों को जेल भेज दिया है। पुलिस ने साफ किया है कि सोशल मीडिया पर भ्रामक ट्वीट या वीडियो के जरिए अफवाह फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

"कल थाना लंका पर पीड़िता की तहरीर पर अभियोग पंजीकृत किया गया है। रैपिडो चालक निर्धारित रूट से न लाकर किसी अन्य रूट का इस्तेमाल कर रहा था। आपत्ति करने पर भी उसने बात नहीं सुनी। परिजनों द्वारा रोकने पर पुलिस से भी अभद्रता की गई। इस मामले में छेड़खानी और मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है।" — गौरव कुमार, एसीपी - भेलूपुर, वाराणसी कमिश्नरेट।